1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. अयोध्या में रिश्तों का कत्ल, पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर उतारा पति को मौत के घाट

अयोध्या में रिश्तों का कत्ल, पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर उतारा पति को मौत के घाट

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Jul 15, 2026 07:03 pm IST,  Updated : Jul 15, 2026 07:03 pm IST

अयोध्या के रूदौली क्षेत्र में झाड़ियों में मिले अज्ञात शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस के अनुसार, बाराबंकी निवासी देवेन्द्र कुमार वर्मा की हत्या उनकी पत्नी शुभांगिनी और उसके कथित प्रेमी विपिन वर्मा ने जमीन हड़पने के लिए की।

Ayodhya Police- India TV Hindi
अयोध्या पुलिस ने किया हत्याकांड का खुलासा Image Source : REPORTER INPUT

अयोध्या से एक दिल दहला देने वाले हत्याकांड की खबर आई है। पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए ऐसा राज खोला है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। सड़क किनारे झाड़ियों में मिले एक अज्ञात शव की जांच जब आगे बढ़ी तो शक की सुई सीधे मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी पर जाकर टिक गई। पुलिस का दावा है कि दोनों ने मिलकर जमीन पर कब्जा करने की नीयत से हत्या की पूरी साजिश रची थी।

यह मामला रूदौली कोतवाली क्षेत्र के कूढ़ा-सादात लिंक मार्ग का है, जहां कुछ दिन पहले झाड़ियों में एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। शव की पहचान न होने के कारण पुलिस ने कई पहलुओं पर जांच शुरू की। CCTV फुटेज, मोबाइल लोकेशन, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने मृतक की पहचान बाराबंकी निवासी 48 साल के देवेन्द्र कुमार वर्मा के रूप में की।

पत्नी और प्रेमी ने मिलकर रची साजिश

जांच के दौरान पुलिस के सामने जो कहानी आई, वह बेहद चौंकाने वाली थी। अधिकारियों के अनुसार, देवेन्द्र की पत्नी शुभांगिनी और उसके कथित प्रेमी विपिन वर्मा ने पहले से ही हत्या की योजना बना रखी थी। आरोप है कि 11 जुलाई को शुभांगिनी ने अपने पति को अयोध्या घूमने के बहाने बुलाया। इसके बाद दोनों आरोपियों ने उन्हें एक सुनसान इलाके में ले जाकर हथौड़ी से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस का कहना है कि हत्या के बाद आरोपियों ने शव को झाड़ियों में फेंक दिया, ताकि उसकी पहचान न हो सके और मामला अज्ञात व्यक्ति की मौत बनकर रह जाए। हालांकि, तकनीकी जांच और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों ने आरोपियों की पूरी योजना पर पानी फेर दिया।

हत्या में इस्तेमाल हथौड़ी बरामद

रूदौली पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर शुभांगिनी और विपिन वर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में मिले तथ्यों और सबूतों के आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई हथौड़ी भी बरामद कर ली है, जिसे वारदात का अहम सबूत माना जा रहा है।  

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई को पुलिस ने बड़ी सफलता बताया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं और जांच के दौरान सामने आने वाले हर पहलू की गहनता से पड़ताल की जाएगी।

(रिपोर्ट: अखंड सिंह)

यह भी पढ़ें:

आगरा में सास के भड़काने पर शख्स ने अपनी मां को सब्जी में मिलाकर दिया जहर, जानें पूरा मामला

महोबा में खौफनाक खूनी हमला, पेट्रोल पंप के सामने युवक के दोनों हाथ कुल्हाड़ी से काटे

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।