उत्तर प्रदेश के महोबा से एक ऐसी घटना सामने आयी है जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया है। महोबा में कानपुर-सागर नेशनल हाईवे पर स्थित एक पेट्रोल पंप के सामने 28 साल के युवक पर कुल्हाड़ी से ऐसा जानलेवा हमला किया गया कि उसके दोनों हाथ लगभग शरीर से अलग हो गए। हमलावरों ने उसके पैर और सिर पर भी कई वार किए और उसे लहूलुहान हालत में सड़क पर तड़पता छोड़कर फरार हो गए। पीड़ित के परिजनों ने इस हमले का आरोप बीजेपी युवा मोर्चा के जिला मीडिया प्रभारी बताए जा रहे शिवप्रताप सिंह परमार और उनके साथियों पर लगाया है। पुलिस ने इस घटना को लेकर मुकदमा दर्ज करने के साथ आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। वहीं हमले में घायल हुए युवक की हालत काफी गंभीर बनी हुई है।
आधा दर्जन से अधिक हमलावरों ने अचानक युवक पर बोल दिया हमला
महोबा में मंगलवार देर रात कोतवाली क्षेत्र के समदनगर इलाके में स्थित चंदेल पेट्रोल पंप के सामने उस समय अफरा-तफरी मच गई जब समदनगर निवासी 28 साल के जयवेंद्र सिंह उर्फ विक्की पर आधा दर्जन से अधिक हमलावरों ने अचानक हमला बोल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावर पहले से घात लगाए बैठे थे और जैसे ही विक्की पेट्रोल पंप पर पहुंचा, उसे चारों ओर से घेर लिया गया और कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला करना शुरू कर दिया। इस हमले में विक्की के दोनों हाथ कलाई के पास से लगभग कट गए वहीं उसके पैर और सिर पर भी धारदार हथियार से कई गहरे वार किए गए। पूरी वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए और घायल युवक खून से लथपथ सड़क पर तड़पता रहा। वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचने के बाद घायल युवक को तुरंत जिला अस्पताल भेजा। इसी दौरान बेटे की हालत की खबर मिलते ही उसकी मां भी घटनास्थल पर पहुंच गई। खून से सने अपने बेटे के कटे हुए हाथों को कपड़े से बांधने की उसकी कोशिश देख वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने युवक की हालत नाजुक बताते हुए उसे तत्काल हायर सेंटर रेफर कर दिया।
पिता और भाई ने लगाया बीजेपी नेता पर आरोप
इस हमले में घायल हुए युवक के पिता राजाबाबू सिंह और भाई आलोक सिंह ने खूनी हमले के पीछे मोहल्ले के रहने वाले बीजेपी नेता शिवप्रताप सिंह परमार और उनके साथियों का नाम लिया है। परिजनों का आरोप है कि विक्की पेट्रोल पंप पर तेल भरवाने गया था, तभी पहले से घात लगाए आरोपियों ने उसे निशाना बनाया। परिवार का कहना है कि हमला पूरी तरह सुनियोजित था और आरोपियों ने उसे जान से मारने की नीयत से वार किए। वहीं इस घटना को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घायल के बयान और परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
(रिपोर्ट - शांतनु सोनी)
ये भी पढ़ें
मथुरा पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, दो 2 करोड़ 90 लाख रुपए की चोरी का खुलासा