1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कैदी नंबर 399 और 400 होगी रविता और अमरदीप की नई पहचान, फांसी की सजा के बाद अलग बैरक में शिफ्ट, कैसे कटी रात

कैदी नंबर 399 और 400 होगी रविता और अमरदीप की नई पहचान, फांसी की सजा के बाद अलग बैरक में शिफ्ट, कैसे कटी रात

 Written By: Amar Deep
 Published : Oct 17, 2026 06:11 pm IST,  Updated : Oct 17, 2026 06:11 pm IST

मेरठ में शख्स की हत्या के बाद शव को सांप से कटवाने के मामले में दोषी रविता और अमरदीप को फांसी की सजा सुनाई गई। दोनों को अलग-अलग बैरक में रखा गया है।

रविता और अमरदीप को फांसी की सजा।- India TV Hindi
रविता और अमरदीप को फांसी की सजा। Image Source : REPORTER INPUT

मेरठ की एक अदालत ने शुक्रवार को हत्या के मामले में रविता और अमरदीप नाम के दो दोषियों को फांसी की सजा सुनाई। दोनों ने मिलकर रविता के पति की हत्या कर दी थी और हत्या के बाद शव को सांप से कटवा दिया था, जिससे यह हत्या नहीं बल्कि सर्पदंश से हुई मौत प्रतीत हो। हालांकि बाद में घटना का खुलासा हुआ, जिसके बाद दोनों को पकड़ लिया गया। वहीं अब सजा सुनाए जाने के बाद, रविता और उसके प्रेमी अमरदीप को जिला जेल की अलग-अलग बैरकों में भेज दिया गया। जेल अधिकारियों के अनुसार, उन्होंने वहां रात बहुत बेचैनी में बिताई।

दोनों को अलग-अलग बैरक में रखा गया

जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को जब कोर्ट ने फैसला सुनाया, तो खचाखच भरी अदालत में दोनों दोषी फूट-फूट कर रो पड़े, जबकि वहां मौजूद लोग न्यायपालिका के समर्थन में नारे लगा रहे थे। वरिष्ठ जेल अधीक्षक वीरेश राज शर्मा ने बताया कि सजा सुनाए जाने के बाद से उनसे मिलने कोई नहीं आया है। दोनों को चौधरी चरण सिंह जिला जेल में रखा गया है। उन्होंने बताया कि रविता को कैदी नंबर 399/2026 दिया गया है और उसे बैरक नंबर 12A में रखा गया है। वहीं अमरदीप को कैदी नंबर 400/2026 दिया गया है और उसे बैरक नंबर 1A में भेजा गया है। 

साहिल वाली बैरक में ही है अमरदीप

अमरदीप को उसी बैरक में रखा गया है जहां साहिल शुक्ला है, जिसे इसी हफ्ते मेरठ की एक अदालत ने हत्या के एक ऐसे ही मामले में फांसी की सजा सुनाई थी। बता दें कि 14 अक्टूबर को मेरठ की कोर्ट ने मुस्कान रस्तोगी और उसके प्रेमी साहिल शुक्ला को, मुस्कान के पति और मर्चेंट नेवी अधिकारी सौरभ राजपूत की हत्या करने और उनके शव के टुकड़े करके उन्हें सीमेंट से भरे एक नीले ड्रम में छिपाने के जुर्म में फांसी की सजा सुनाई थी।

क्यों हुई दोनों को फांसी?

बता दें कि अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश जयवीर सिंह नागर ने शुक्रवार रविता और अमरदीप को, रविता के पति अमित कश्यप (उर्फ मिक्की कश्यप) की हत्या के लिए फांसी की सजा सुनाई। अमित कश्यप मेरठ के अकबरपुर सादात गांव का रहने वाला था। पिछले साल 13 अप्रैल को अमित अपने घर में एक खाट पर मृत पाया गया था और उसके शव के पास एक जिंदा सांप मिला था। शुरुआत में परिवार वालों को लगा कि उसकी मौत सांप के काटने से हुई है। लेकिन, पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम में उसकी गर्दन और नाक पर चोट के निशान मिले और पता चला कि उसकी मौत गला घोंटे जाने से हुई थी। (इनपुट- PTI)

यह भी पढ़ें-

मामा से चॉकलेट मांगी तो थमा दी पिस्तौल, गोली चलने से 3 साल के बच्चे की हुई मौत, मां ने दर्ज कराया केस

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।