उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के बेहट थाना क्षेत्र में 10 लाख 10 हजार रुपये की लूट की सूचना मिलने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। इस लूट की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। हालांकि, जांच में लूट की कहानी फर्जी निकली जिसमें पुलिस के मुताबिक, करीब 10 लाख रुपये के कर्ज में डूबे युवक ने कथित तौर पर लूट की झूठी कहानी रची थी। पुलिस ने कथित तौर पर लूटी गई पूरी रकम उसकी गाड़ी से बरामद कर ली। इस मामले को लेकर एसपी देहात मयंक पाठक के अनुसार 17 अक्टूबर की सुबह करीब 11:50 बजे पुलिस को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि रायपुर की ओर जाने वाले मार्ग पर चार लोगों ने दीपक सैनी की गाड़ी रोककर उसके साथ मारपीट की और 10 लाख 10 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
पूछताछ में खुली झूठी लूट की कहानी
सहारनपुर में लूट की इस झूठी कहानी से पर्दा पुलिस की पूछताछ में सामने आया जिसमें दीपक सैनी से पूछताछ की गई तो पता चला कि वह निजी एटीएम संचालित करता है। कथित लूट की रकम को लेकर पुलिस ने गहनता से पूछताछ की और जांच की। इस दौरान पूरी धनराशि उसकी गाड़ी से ही बरामद हो गई और जांच में लूट की पुष्टि नहीं हुई। एसपी देहात के मुताबिक पूछताछ में दीपक ने स्वीकार किया कि उस पर करीब 10 लाख रुपये का कर्ज था। पुलिस के अनुसार कर्ज और रकम के हिसाब-किताब से जुड़ी परिस्थितियों के चलते उसने कथित तौर पर लूट की झूठी सूचना देने की साजिश रची थी।
झूठी सूचना देने पर होगी कानूनी कार्रवाई
10 लाख 10 हजार रुपये की लूट गलत सूचना देने पर अब दीपक सैनी के खिलाफ इस मामले में मुकदमा दर्ज कराने और अन्य विधिक कार्रवाई कर रही है। इस मामले में सहारनपुर पुलिस ने लूट की फर्जी सूचना मिलने के बाद अपनी जांच में लूट की घटना सामने नहीं आई है और लूटे जाने का दावा की गई पूरी रकम गाड़ी से बरामद कर लिया है।
(रिपोर्ट- खालिद हसन)
ये भी पढ़ें
रसोई में काम कर रही थी बहू, तभी ददिया सास ने लोहे की मूसली से किया हमला, हुई मौत
ग्रेटर नोएडा में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, नूडल्स खाने के बाद फूड पॉइजनिंग की आशंका