1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. सिंधी समाज से दान में मिली 200 किलो चांदी की ईंटें कहां है? राम मंदिर ट्रस्ट ने दिया पूरा हिसाब

सिंधी समाज से दान में मिली 200 किलो चांदी की ईंटें कहां है? राम मंदिर ट्रस्ट ने दिया पूरा हिसाब

चढ़ावे में चोरी पकड़े जाने के बाद अब राम मंदिर ट्रस्ट ने सिंधी सेवा संगम को चांदी की ईंटों की पूरी डिटेल्स शेयर की है। राम मंदिर ट्रस्ट ने सिंधी समाज के सदस्यों को आश्वस्त किया है कि उनकी ओर से दी गईं चांदी की 200 ईंटें सुरक्षित हैं और इन्हें बैंक के लॉकर में रखा गया है।

विश्व सिंधी सेवा संगम...- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV विश्व सिंधी सेवा संगम की ओर से राम मंदिर को दान की गईं चांदी की ईंटें।

अयोध्या: राम मंदिर ट्रस्ट का सबसे ज्यादा जोर इस वक्त ट्रस्ट की उन कमियों को दूर करने पर है, जिनके कारण करोड़ों रामभक्तों का भरोसा टूटा, चढ़ावे में चोरी हुई। वहीं, आज राम मंदिर ट्रस्ट ने सिंधी समाज को चांदी की 200 ईंटों का रिकॉर्ड सबूतों के साथ भेज दिया। असल में विश्व सिंधी सेवा संगम के इंटरनेशनल प्रेसिडेंट राजू मनवानी ने समाज के दूसरे मेंबर्स के साथ, 200 किलोग्राम चांदी की ईंटें, रामलला को अर्पित कीं थी। 200 किलो चांदी की ईंटें 26 जनवरी 2021 को चंपत राय को सौंपी गई थीं लेकिन चढ़ावा में चोरी की खबरों के बाद राजू मनवानी ने चांदी की ईंटों को लेकर भी आशंकाएं जताई थी।

'200 किलो चांदी गलाकर 20-20 किलो की बनाईं सिल्लियां'

आज राम मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविन्द देव गिरि ने सिंधी सेवा संगम के साथ चांदी की इन ईंटों की पूरी डिटेल्स शेयर की है। गोविन्द देव गिरि ने बताया कि चांदी की सारी ईंटे सुरक्षित हैं। चढ़ावे के रजिस्टर में 96 नंबर की एंट्री है, उसमें चांदी की ईंटों का पूरा ब्यौरा दर्ज हैं। एक एक किलो चांदी की दो सौ ईंटों को अगस्त 2024 में मिंट कॉरपोरेशन की हैदराबाद ब्रांच को भेजा गया था। वहां पर इनको गलाकर 20-20 किलो की चांदी की शुद्ध ईंटों में ढाला गया और अब ये अयोध्या में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की ब्रांच के लॉकर में सुरक्षित रखी हैं।

हिसाब मिलने के बाद क्या बोले राजू मनवानी?

ट्रस्ट की चिट्ठी मिलने के बाद राजू मनवानी ने राम मंदिर ट्रस्ट को धन्यवाद दिया और कहा कि सिंधी समाज की दान की हुई चांदी बिल्कुल सुरक्षित है। वो एक बार फिर से रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या जाएंगे। 

Image Source : india tvराजू मनवानी ने राम मंदिर ट्रस्ट को धन्यवाद दिया।

सिंधी समुदाय ने क्या आरोप लगाया था?

बता दें कि 26 जनवरी 2021 को विश्व सिंधी सेवा संगम ने राम मंदिर निर्माण के लिए 200 किलो चांदी दान की थी। पिछले दिनों संस्था की ओर से आरोप लगाया गया था कि दानदाताओं को न तो उनके योगदान की कोई रसीद मिली थी और न ही उन्हें यह बताया गया कि चांदी का उपयोग कहां और कैसे किया गया।

ट्रस्ट ने सभी सदस्यों के नाम-पते भी मांगे

इसके बाद आज ट्रस्ट ने सिंधी समाज के सदस्यों को आश्वस्त किया है कि उनकी ओर से दी गईं चांदी की ईंटें सुरक्षित हैं और इन्हें बैंक के लॉकर में रखा गया है। ट्रस्ट ने कहा कि चांदी की सभी 200 ईंटें बहुमूल्य धातुओं के रजिस्टर में ठीक से दर्ज हैं। अन्य चांदी के साथ इसे पिघलाकर 99.99% शुद्धता की 20-20 किलो की चांदी की सिल्लियां बनाई गई थीं। अगर किसी सदस्य को कोई आशंका हो, तो वह संपर्क करके रसीद प्राप्त कर सकते हैं। ट्रस्ट की ओर से सभी सदस्यों के नाम, पते, पैन कार्ड, ई-मेल आईडी और मोबाइल नंबर भी मांगा गया है।

राम मंदिर ट्रस्ट में बदलाव

वहीं, राम मंदिर में अब चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) आ जाएगा, बैंक बदल जाएगा और विजिलेंस की व्यवस्था बढ़ा दी जाएगी। लूट मचाने वालों द्वारा चोरी के पैसे से खरीदी गई प्रॉपर्टी जब्त कर ली जाएगी। विजिलेंस की व्यवस्था अब और कड़ी कर दी जाएगी। सोने की रामायण मिल गई, चांदी की सारी ईंटें भी सुरक्षित हैं। प्रभु राम के मंदिर में व्यवस्था पटरी पर आने लगी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का प्रयास है कि आने वाले चुनाव में उनके विरोधी राम मंदिर में चोरी के मुद्दे का इस्तेमाल ना कर पाएं।

यह भी पढ़ें-

चंपत राय और अनिल मिश्रा नहीं तो अब कौन जारी करेगा राम मंदिर के VIP दर्शन पास? अब इन्हें मिली जिम्मेदारी