उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में गोद भराई समारोह की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब दावत खाने के बाद करीब 50 से 60 लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। फूड प्वाइजनिंग की आशंका में बीमार लोगों को आनन-फानन में जहांगीराबाद CHC और बुलंदशहर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दावत में परोसे गए थे रसगुल्ले, मटर पनीर
मामला जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव सलग्वां का है। गांव निवासी कलुआ उर्फ प्रेम सिंह की बेटी मीनाक्षी की सोमवार को गोद भराई की रस्म आयोजित की गई थी। मीनाक्षी का रिश्ता हापुड़ जिले के किठौर गांव निवासी नानक चंद के बेटे नितिन के साथ तय हुआ है। समारोह में दोनों पक्षों के रिश्तेदारों समेत गांव के बड़ी संख्या में लोगों ने दावत में हिस्सा लिया था। दावत में मटर पनीर, छोले, चावल और रसगुल्ले परोसे गए थे।
Image Source : reporter inputमरीजों को जहांगीराबाद सीएचसी में भर्ती कराया गया।
दावत खाई और अस्पताल पहुंचे!
बताया जा रहा है कि सोमवार रात तक सब कुछ सामान्य था, लेकिन मंगलवार शाम होते-होते दावत खाने वाले लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। कई लोगों को तेज पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते बीमारों की संख्या लगातार बढ़ती चली गई। कलुआ ने बताया कि हापुड़ के किठौर से आए रिश्तेदार जब वापस अपने गांव पहुंचे तो उनकी तबीयत भी खराब हो गई।
गांव में दौड़ीं एक दर्जन एंबुलेंस
एक साथ इतने लोगों के बीमार होने की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन में हड़कंप मच गया। सीएचसी से करीब एक दर्जन एंबुलेंस गांव भेजी गईं। दो दर्जन से ज्यादा मरीजों को जहांगीराबाद सीएचसी में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर हालत वाले मरीजों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
Image Source : reporter inputदावत खाने वाले लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी।
खाने के सैंपल जांच के लिए लैब भेजे
घटना की जानकारी मिलते ही खाद्य विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और दावत में बने खाने के सैंपल जांच के लिए लैब भेज दिए गए हैं। जिला अस्पताल के ईएमओ डॉ. अंकुर ने बताया कि अब तक 15 से 20 मरीज जिला अस्पताल पहुंचे हैं, जबकि कुल मरीजों की संख्या करीब 60 बताई जा रही है। सभी का इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार शुरुआती लक्षण फूड प्वाइजनिंग की ओर इशारा कर रहे हैं।
(रिपोर्ट- वरुण शर्मा)
यह भी पढ़ें-
ग्रेटर नोएडा में मोमोज खाने से 12 लोग बीमार, एक ही दुकान से खरीदा; फूड प्वाइजनिंग या कुछ और?
तरबूज में मिला चूहा मारने का जहर, विसरा रिपोर्ट आई सामने; मुंबई में 4 लोगों की मौत मामले में बड़ा खुलासा