A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. एक वॉटर कूलर पर छिड़ी जंग! बागपत में अफसरों के सामने 'कुर्सी मार युद्ध', दनादन चले लात-घूंसे; VIDEO वायरल

एक वॉटर कूलर पर छिड़ी जंग! बागपत में अफसरों के सामने 'कुर्सी मार युद्ध', दनादन चले लात-घूंसे; VIDEO वायरल

बागपत के बोहढ़ा गांव की ग्राम पंचायत की एक बैठक में दे-दनादन कुर्सियां और लात-घूंसे चले। विकास कार्यों की जांच को लेकर बुलाई गई बैठक में शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते तीखी बहस में बदल गई। माहौल इतना गरमा गया कि दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए।

baghpat chair war- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT ग्राम पंचायत में एक-दूसरे पर जमकर बरसाई कुर्सियां।

यूपी के बागपत जिले के बोहढ़ा गांव के पंचायत भवन में विकास कार्यों की जांच को लेकर बुलाई गई बैठक उस समय हंगामे में बदल गई, जब ग्राम प्रधान पक्ष और विपक्ष के समर्थक आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते पंचायत परिसर रणभूमि में तब्दील हो गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर कुर्सियां चलीं। लात-घूंसों और धक्का-मुक्की का दौर शुरू हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पंचायत में नहीं लगा था वॉटर कूलर

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत में विकास कार्यों की जांच को लेकर अधिकारियों और पुलिस की मौजूदगी में बैठक आयोजित की गई थी। इसी दौरान विपक्षी पक्ष के लोगों ने पंचायत भवन में वॉटर कूलर न होने का मुद्दा उठाया। उनका आरोप था कि पंचायत में कूलर लगाए जाने संबंधी कार्यों और अन्य विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति का रिकॉर्ड रखने के लिए पंचायत भवन की तस्वीरें ली जानी चाहिए।

फोटो खींचने को लेकर शुरू हुआ विवाद

बताया जा रहा है कि विपक्षी पक्ष के कुछ लोग साक्ष्य के तौर पर पंचायत भवन और वहां की व्यवस्थाओं की फोटो खींचने लगे। इसी बात का ग्राम प्रधान समर्थकों ने विरोध किया। फोटो खींचने को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते तीखी बहस में बदल गई। माहौल इतना गरमा गया कि दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए।

सामने आया वीडियो-

लाइव विजुअल में साफ देखा जा सकता है कि पंचायत परिसर में मौजूद लोग एक-दूसरे पर कुर्सियां फेंक रहे हैं। कई लोग लात-घूंसों से हमला करते दिखाई दे रहे हैं। अफरा-तफरी के बीच बैठक पूरी तरह बाधित हो गई और पंचायत परिसर जंग के अखाड़े जैसा नजर आने लगा। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन कुछ देर तक हंगामा जारी रहा।

घटना की पूरे इलाके में चर्चा

घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे इलाके में इसकी चर्चा हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि विकास कार्यों की जांच को लेकर बुलाई गई बैठक में इस तरह का बवाल होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और वायरल वीडियो के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है।

(रिपोर्ट- पारस जैन)

यह भी पढ़ें-

कानून के रखवाले ही असुरक्षित: बेगूसराय में ड्यूटी पर तैनात चौकीदार की बीच सड़क बेरहमी से लात-घूंसों से पिटाई

VIDEO: सपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष की घर में घुसकर पिटाई, दबंगों ने बाल खींचकर लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा