1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. VIDEO: सपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष की घर में घुसकर पिटाई, दबंगों ने बाल खींचकर लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा

VIDEO: सपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष की घर में घुसकर पिटाई, दबंगों ने बाल खींचकर लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा

 Edited By: Vinay Trivedi
 Published : May 29, 2026 01:07 pm IST,  Updated : May 29, 2026 01:15 pm IST

SP Mahila Morcha President Assaulted: चंदौली में Samajwadi Party की महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष Gargi Singh Patel की घर में घुसकर दबंगों ने पिटाई की है। यह घटना CCTV में रिकॉर्ड हो गई और अब वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

SP Mahila Morcha President Assaulted- India TV Hindi
दबंगों ने चंदौली में Samajwadi Party की महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष को पीटा। Image Source : REPORTERS INPUT

Gargi Singh Patel Beaten: यूपी के चंदौली में मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के मढ़िया गांव में समाजवादी पार्टी महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष गार्गी सिंह पटेल के घर में घुसकर उनके साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिले की राजनीति गरमा गई है। पीड़ित पक्ष ने कई लोगों पर घर में घुसकर हमला करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

गार्गी सिंह पटेल के घर में घुसकर मारपीट

बताया जा रहा है कि बीते गुरुवार को कुछ लोग अचानक गार्गी सिंह पटेल के घर पहुंच गए। शुरुआत में कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि हमलावरों में कुछ महिलाएं भी शामिल थीं, जिन्होंने गार्गी सिंह पटेल के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की।

बाल पकड़कर घसीटा और लात-घूंसों से पीटा

पीड़िता का आरोप है कि उन्हें बाल पकड़कर घसीटा गया, जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से पीटा गया और कमरे में रखी टेबल से भी हमला किया गया। घटना के दौरान घर में मौजूद बच्चे डरकर कमरे में छिप गए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव कराया।

बेटी के साथ गाली-गलौज कर रहे थे आरोपी

घटना में घायल गार्गी सिंह पटेल को परिजन पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से डॉक्टरों ने उनकी हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में भर्ती गार्गी सिंह पटेल ने आरोप लगाया कि कुछ लोग उनकी बेटी के साथ गाली-गलौज कर रहे थे। विरोध करने पर अमित यादव, मनोज यादव समेत अन्य लोगों ने उन पर हमला कर दिया और बेहोशी की हालत में छोड़कर फरार हो गए।

पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर छोड़ा

उन्होंने आगे कहा कि उनके घर के सभी कमरों में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, जिसमें पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद डायल-112 और मुगलसराय कोतवाली के जलीलपुर चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की, हालांकि बाद में छोड़ दिए जाने को लेकर स्थानीय स्तर पर सवाल उठ रहे हैं।

पुलिस ने 5 लोगों के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा

पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और वायरल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। घटना को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि सपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष गार्गी सिंह पटेल से मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष कि तहरीर मिली है, जिसमें 5 लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी गई है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई कर रही है। घटना के संबंध में यह जानकारी मिली है कि वाराणसी के कोई पूर्व ब्लाक प्रमुख है जिनसे इनका व्यावसायिक विवाद चल रहा है।

(इनपुट- संतोष कुमार)

ये भी पढ़ें- शाकंभरी सिद्धपीठ में मची भारी तबाही, रातों-रात आई बाढ़ में बह गई दुकानें; दो महिला श्रद्धालुओं की मौत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।