1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मैनपुरी में खूनी संग्राम, ताबड़तोड़ चली गोलियां और फरसे, एक की मौत

मैनपुरी में खूनी संग्राम, ताबड़तोड़ चली गोलियां और फरसे, एक की मौत

मैनपुर में खेत की मेड़ को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। जमकर गोलियां बरसाई गई। इस दौरान कई लोग घायल हुए हैं और एक बालक की मौत की भी खबर सामने आई है।

Police administration team reached the spot after the bloody clash in Mainpuri.- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT मैनपुरी में हुए खूनी संघर्ष के बाद मौके पर पहुंची पुलिस प्रशासन की टीम

जनपद के किशनी थाना क्षेत्र के गांव छोटा हर्राजपुर में खेत की मेड़ को लेकर चला आ रहा विवाद रविवार की रात खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच हुई हिंसक भिड़ंत में ताबड़तोड़ गोलियां चलीं और फरसों से हमला किया गया। वारदात में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक ने सैफई मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

गोलियों की तड़तड़ाहट से घरों में छिपे लोग

उत्तर प्रदेश के मैनपुर का किशनी थाना क्षेत्र का छोटा हर्राजपुर गांव अचानक मामूली बात विवाद के बाद गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा गांव गूंज उठा। देखते ही देखते चबूतरे और गलियों में खून बिखरा दिखाई दिया, जबकि लोग जान बचाने के लिए अपने घरों में दुबक गए। घायलों के परिजन अपने अपनों की जान बचाने के लिए अपने अपने वाहनों से घायलों को लेकर सैफई मेडिकल कॉलेज निकल लिए। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

खेत में निकल रही सरकारी बचत को लेकर हुई वारदात

बताया जा रहा है कि गांव निवासी राजेंद्र सिंह चौहान और भारत सिंह भदौरिया आदि के बीच खेत की मेड़ को लेकर कई दिनों से विवाद चल रहा था। राजस्व विभाग की टीम दोनों पक्षों के खेतों की पैमाइश कर चुकी थी, लेकिन एक पक्ष इस नाप से संतुष्ट नहीं था, क्योंकि इन दोनों ही परिवारों ने गांव के किसी व्यक्ति से जमीन को खरीदा था जिस जमीन में सरकारी बचत पड़ी थी। उस सरकारी बचत को दोनों ही पक्ष आधा-आधा लेना चाहते थे। लेकिन वह बचत एक पक्ष के कब्जे में थी। इसी बात को लेकर आपस में विवाद चल रहा था। रविवार को खेत की जुताई के दौरान राजस्व विभाग द्वारा बनाई गई मेड़ टूट गई, जिसके बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। 

दोनों पक्ष बोले, दरवाजे पर चढ़कर दिया वारदात को अंजाम

मृतक पक्ष का आरोप है कि मोहित और दीपक चौहान अवैध हथियार और फरसा लेकर पहुंचे और उनके परिवार पर अंधाधुंध फायरिंग और हमला कर दिया। दूसरे पक्ष का यह भी आरोप है कि हमलावर उनके घर में घुस गए और जानलेवा हमला किया। इसके बाद दोनों पर सामने सामने आए और एक दूसरे पर हमला कर दिया। हमले में राजेंद्र सिंह चौहान पक्ष का एक तथा भारत सिंह भदोरिया के परिवार में चार लोग घायल हुए थे जिसमें एक की मौत हो गई है।

खूनी वारदात में चार घायल एक की मौत

इस खूनी संघर्ष में कुलदीप पुत्र शिशुपाल, दीपांशु पुत्र सोनपाल, हिमांशु पुत्र अशोक सिंह और अरविंद पुत्र सूरज पाल गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से दीपांशु ने सैफई में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं दूसरे पक्ष का भी मोहित चौहान घायल बताया जा रहा है। जिसको पुलिस ने इलाज के लिए जिला अस्पताल मैनपुरी भेज दिया है।

फॉरेंसिक टीम ने मौके से एकत्र किए सबूत

घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी इंद्रमणि त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा, एसपी सिटी अरुण कुमार सिंह, सीओ रामकृष्ण द्विवेदी तथा फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। उनके साथ कुर्रा, एलाऊ, बेवर आदि की पुलिस मौके पर पहुंची थी। आलाअधिकारियों ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने खून के नमूने और मौके से मिले कई चले हुए कारतूस व बुलेट कब्जे में लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं।

वारदात के बाद गांव छावनी में तब्दील

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पूरे गांव में पुलिस वल तैनात कर छावनी में तब्दील कर दिया है। गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने एक घायल आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल परिवार में गोली कांड से हुई युवक की मौत से मातम फैल गया। वही मृतक युवक के परिजनों ने किशनी पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं।

मैनपुरी से सलमान की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें 

अकबर महान के पाठ पर फिर विवाद, संशोधन की मांग को लेकर शिवाजी सेना ने दी चेतावनी

प्रेमी से मिलने के लिए टावर पर चढ़ गई शादीशुदा महिला, जमकर किया बवाल; VIDEO आया सामने