उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक विवाहित महिला ने अपने प्रेम प्रसंग के चक्कर में ऐसा हाई वोल्टेज ड्रामा किया कि पुलिस और प्रशासन के पसीने छूट गए। महिला अपने कथित प्रेमी से मिलने और उसे मौके पर बुलाने की जिद को लेकर एक ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। महिला को टावर पर चढ़ा देख आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया और भारी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
क्या है पूरा मामला?
यह पूरी घटना बलिया जिले के बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले फरसाटार गांव की है। गांव के लोगों ने अचानक देखा कि पीले रंग की साड़ी पहने एक महिला गांव में लगे जियो की मोबाइल टावर के काफी ऊपर चढ़ी हुई है। महिला की पहचान मनियर क्षेत्र की रहने वाली मुन्नी देवी के रूप में हुई है, जो कि विवाहित है। महिला टावर से चिल्ला-चिल्लाकर अपने प्रेमी को बुलाने की मांग कर रही थी। ग्रामीणों ने तुरंत इस बात की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी।
प्रशासन अधिकारियों की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए बांसडीह रोड थाने की पुलिस और प्रशासन अधिकारियों की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गई। महिला इतनी ऊंचाई पर थी कि कोई भी अनहोनी हो सकती थी। पुलिस अधिकारियों ने तुरंत लाउडस्पीकर मंगाया और नीचे से ही महिला को समझाने-बुझाने का प्रयास शुरू किया। पुलिस बार-बार उसे नीचे उतरने की अपील कर रही थी, लेकिन महिला अपनी जिद पर अड़ी रही और उसने साफ कह दिया कि जब तक उसका प्रेमी नहीं आएगा, वह नीचे नहीं उतरेगी।
काफी मशक्कत के बाद प्रेमी टावर से उतरी नीचे
घंटों तक चले इस ड्रामे के बाद जब स्थिति बिगड़ने लगी, तो पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महिला के कथित प्रेमी के परिवार वालों से संपर्क किया। काफी मशक्कत के बाद जब प्रेमी युवक के परिजन मौके पर पहुंचे और महिला को भरोसा दिलाया, तब जाकर महिला का गुस्सा शांत हुआ। इसके बाद महिला धीरे-धीरे टावर से नीचे उतरी। महिला के सुरक्षित नीचे उतरने के बाद पुलिस और प्रशासन ने राहत की सांस ली। फिलहाल, यह घटना पूरे बलिया जिले और सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और महिला व उसके परिवार को समझाकर घर भेज दिया गया है।
बलिया से अमित कुमार की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें
सोनभद्र में सर्राफा व्यापारी से लूट, विरोध करने पर बदमाशों ने चलाई गोली, चाकू मारकर किया घायल
4 साल के बेटे की हत्या करने वाली मां को उम्रकैद, कोर्ट ने सुनाया फैसला; लगाया 60 हजार का जुर्माना