1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. प्रेमी से शादी करने पर भाई ने बहन को मारा, पुलिस ने कब्रिस्तान से निकाला शव, आरोपी गिरफ्तार

प्रेमी से शादी करने पर भाई ने बहन को मारा, पुलिस ने कब्रिस्तान से निकाला शव, आरोपी गिरफ्तार

मथुरा में एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक भाई पर ही अपनी बहन की हत्या का आरोप लगा है। ​बहन ने अपनी मर्जी से शादी कर ली थी।

Police have arrested a brother in Mathura on charges of murdering his sister.- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT मथुरा में अपनी बहन की हत्या के आरोप में पुलिस ने उसके भाई को गिरफ्तार किया है।

उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां अपनों पर ही प्यार की खौफनाक सजा देते हुए एक नवविवाहिता को मौत के घाट उतारने का आरोप लगा है। मामला मथुरा के गोविंदनगर थाना क्षेत्र का है, जहां ऑनर किलिंग की इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। 

मथुरा के गोविंद नगर थाने का है मामला

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मथुरा के गोविंद नगर थाना क्षेत्र के तहत आने वाली नई बस्ती की रहने वाली नाजिया नामक युवती करीब डेढ़ महीने पहले अपनी मर्जी से अपने प्रेमी रविंद्र के साथ घर से चली गई थी। दोनों ने आपसी रजामंदी से शादी कर ली थी और इसके बाद दिल्ली में रहने लगे। युवती के जाने के करीब 15 दिन बाद उसके परिजनों ने संपर्क साधा और उसे यह झांसा देकर वापस मथुरा बुलाया कि वे लोग दोनों की धूमधाम से शादी करा देंगे। परिजनों के इस झूठे भरोसे में आकर नाजिया अपने घर वापस लौट आई। घर आने के बाद परिजनों की नीयत में खोट आ गया। आरोप है कि नाजिया के भाई और अन्य परिजनों ने मिलकर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। 

हत्या कर चुपचाप ​शव को ​कब्रिस्तान में दफनाने का आरोप

इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम देने के बाद सबूतों को मिटाने के लिए युवती के शव को नई बस्ती स्थित कब्रिस्तान में चुपचाप दफना दिया गया। जब मृतका के पति रविंद्र ने नाजिया से संपर्क करने की कोशिश की तो घरवालों ने उसका फोन उठाना बंद कर दिया और बातचीत पूरी तरह तोड़ दी। कई दिनों तक कोई संपर्क न होने पर पति रविंद्र को अनहोनी की आशंका हुई। उसने राजस्थान में अपनी पत्नी के अपहरण और हत्या की आशंका जताते हुए मुकदमा दर्ज कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी ने तत्परता दिखाते हुए युवती के भाई अकरम को हिरासत में लिया। अकरम से कड़ाई से पूछताछ की। पुलिस की पूछताछ के आगे आरोपी भाई टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

शव को ​कब्रिस्तान से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया

एसपी सिटी राजीव कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्र के आदेश पर मजिस्ट्रेट की निगरानी में कब्रिस्तान से युवती के शव को बाहर निकलवा लिया गया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस इस भयानक अपराध में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी गहराई से छानबीन कर रही है। मृतका के परिजनों ने बताया है कि उसे एक गंभीर बीमारी थी, जिसके चलते उसकी मौत हुई है। फिलहाल पुलिस हर पहलू पर अपनी जांच कर रही है

मथुरा से विपिन सरस्वत की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें 

लखनऊ के सआदतगंज में सरेआम दो गुटों में अंधाधुंध फायरिंग, तीन लोगों की मौत

राहुल गांधी के काफिले की कई गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुआ हादसा, कई लोग घायल