1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. सोनभद्र में सर्राफा व्यापारी से लूट, विरोध करने पर बदमाशों ने चलाई गोली, चाकू मारकर किया घायल

सोनभद्र में सर्राफा व्यापारी से लूट, विरोध करने पर बदमाशों ने चलाई गोली, चाकू मारकर किया घायल

सोनभद्र के बभनी में शनिवार रात हथियारबंद बदमाशों ने बाजार से लौट रहे सर्राफा कारोबारी को घेर लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने हवाई फायरिंग की और चाकू मारकर उसे घायल कर दिया।

Sonbhadra- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT सोनभद्र में कारोबारी के साथ लूटपाट

उत्तरप्रदेश सोनभद्र के बभनी थाना क्षेत्र में छत्तीसगढ़ सीमा से सटे एक घने जंगल में हथियारबंद बदमाशों ने एक सर्राफा कारोबारी को अपना निशाना बनाया। मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित कारोबारी जब स्थानीय बाजार से अपना व्यवसाय निपटाकर वापस घर लौट रहा था, तभी सुनसान रास्ते का फायदा उठाकर बदमाशों ने उसे बीच जंगल में रोक लिया। जब कारोबारी ने अपनी गाढ़ी कमाई और सामान बचाने के लिए बदमाशों का विरोध किया, तो उन्होंने इलाके में दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग शुरू कर दी। इतने से भी जब उनका मन नहीं भरा, तो बदमाशों ने कारोबारी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

बदमाशों ने 40 हजार नगद और आभूषणों की चोरी की

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सीनियर पुलिस अधिकारी तुरंत अधिक फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और खून से लथपथ घायल कारोबारी को तुरंत नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए भिजवाया। पुलिस प्रशासन के मुताबिक, शुरुआती जांच में अब तक करीब 40 हजार रुपये की नगदी लूटे जाने की पुष्टि हो चुकी है। वहीं दूसरी ओर, पीड़ित कारोबारी ने कुछ कीमती आभूषणों की लूट का दावा भी किया है, जिसकी गहनता से जांच की जा रही है। फॉरेंसिक और पुलिस की टीमें घटनास्थल से अहम सबूत जुटाने में लगी हुई हैं ताकि बदमाशों को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।

बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस ने बनाई कई टीमें

इस वारदात के बाद पुलिस ने छत्तीसगढ़ सीमा से लगे सभी जंगलों और संदिग्ध ठिकानों पर एक बड़ा सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। दुद्धी के क्षेत्राधिकारी (सीओ) प्रभात राय और पीड़ित ने घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी साझा की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सोनभद्र के पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस हर एक पहलू पर बारीकी से काम कर रही है और दावा किया जा रहा है कि बहुत जल्द ही इस पूरी घटना का पर्दाफाश कर बदमाश सलाखों के पीछे होंगे।

सोनभद्र से परमेश्वर पुष्कर की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें

4 साल के बेटे की हत्या करने वाली मां को उम्रकैद, कोर्ट ने सुनाया फैसला; लगाया 60 हजार का जुर्माना

अमेठी में नहर से मिला बोरे में बंद युवक का शव, कई दिन पुराना होने की आशंका