उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां के जामो थाना क्षेत्र में शारदा सहायक नहर की एक शाखा से पुलिस ने एक अज्ञात युवक का शव बरामद किया है। शव को एक बोरे में बंद करके नहर में फेंका गया था।
बोरे को नहर से बाहर निकाला गया
पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात को सूचना मिली थी कि जामो थाना क्षेत्र के बंधवा गांव के पास से गुजरने वाली शारदा सहायक नहर खंड-49 में एक संदिग्ध बोरा पड़ा है। सूचना मिलते ही जामो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बोरे को नहर से बाहर निकलवाया। बोरा खोलने पर उसमें एक युवक का शव बरामद हुआ।
जामो के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया शव कई दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, शव की शिनाख्त के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। इसके लिए सोशल मीडिया और आस-पास के थानों की भी मदद ली जा रही है, ताकि युवक की पहचान हो सके। पुलिस इस मामले की हत्या और शव को छिपाने के एंगल से विस्तृत जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
दो मासूमों सहित चार की मौत, तीन घायल
एक अन्य खबर में, यूपी के फिरोजाबाद और पीलीभीत जिलों में शनिवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो बच्चों और दो वयस्कों की मौत हो गई। हादसों में तीन लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पहले मामले में, फिरोजाबाद जिले के मक्खनपुर थाना क्षेत्र में बिल्टीगढ़ बाईपास पर शनिवार देर शाम एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। इस भीषण हादसे में एक महिला और उसके 8 वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मक्खनपुर थाना प्रभारी चमन शर्मा ने बताया कि मैनपुरी जिले के कुरावली क्षेत्र के निवासी सचिन कुमार अपनी पत्नी राखी (30) और आठ वर्षीय पुत्र अग्रिम के साथ कार से आगरा से मैनपुरी लौट रहे थे। कार में सचिन के परिवार के अलावा चालक और एक अन्य व्यक्ति भी सवार था। शनिवार देर शाम कार जैसे ही मक्खनपुर थाना क्षेत्र के बिल्टीगढ़ मार्ग पर पहुंची, अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से जा घुसी।
दूसरी घटना पीलीभीत जिले के दियोरिया कला कोतवाली क्षेत्र की है, जहां सखिया गांव के पास एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार युवक और उसके 4 साल के मासूम बेटे की जान चली गई। कोतवाल गौतम सिंह ने जानकारी दी कि पिपरिया संजरपुर गांव के निवासी देव स्वरूप (28) अपने चार वर्षीय बेटे आरव के साथ मोटरसाइकिल से बीसलपुर जा रहे थे। शनिवार शाम करीब सात बजे सखिया गांव के पास एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि पिता-पुत्र दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद आरोपी चालक अपने वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश के लिए आस-पास के कैमरों व इनपुट की मदद ले रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
(इनपुट- भाषा)
ये भी पढ़ें-
ATM से पैसे निकालते समय रहें सावधान! मुंबई में सामने आया चोरी का नया तरीका, ऐसे फंसाते थे कैश
4 साल के बेटे की हत्या करने वाली मां को उम्रकैद, कोर्ट ने सुनाया फैसला; लगाया 60 हजार का जुर्माना