गाजियाबाद में पुलिस की चेकिंग के दौरान एक सफेद फॉर्च्यूनर कार में सवार बदमाशों ने रुकने के बजाय गोलियां चलानी शुरू कर दीं। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें कार चला रहे आरोपी के दोनों पैरों में गोली लग गई। इस मुठभेड़ के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान फरमान के रूप में हुई है। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था और पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ करीब 100 मुकदमे दर्ज हैं।
सूर्यनगर चौराहे पर चेकिंग के दौरान मुठभेड़
यह घटना शनिवार, 10 अक्टूबर को गाजियाबाद के सूर्यनगर चौराहे के पास हुई। क्राइम ब्रांच और लिंक रोड थाना पुलिस की संयुक्त टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सफेद रंग की फॉर्च्यूनर कार आती दिखाई दी। पुलिसकर्मियों ने कार को रुकने का इशारा किया, लेकिन उसमें सवार लोगों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से गोली चलाई और कार मोड़कर भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में कार चला रहे बदमाश के दोनों पैरों में गोली लग गई। इसके बाद उसे घायल अवस्था में पकड़ लिया गया। पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। कार में सवार दूसरा आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
चोरी की फॉर्च्यूनर और तमंचा बरामद
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के समर गार्डन निवासी 29 साल के फरमान पुत्र मेहरबान के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से सफेद फॉर्च्यूनर कार बरामद की है, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर UP16DU 0500 है। पुलिस के अनुसार, यह कार लिंक रोड थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी और इस संबंध में पहले से मुकदमा दर्ज है। आरोपी के पास से .315 बोर का एक तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है।
लूट से लेकर गैंगस्टर एक्ट तक के मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार, फरमान का आपराधिक रिकॉर्ड काफी लंबा है। उसके खिलाफ लूट, चोरी, हत्या के प्रयास, दुष्कर्म और गैंगस्टर एक्ट समेत करीब 100 मुकदमे दर्ज हैं। वह लिंक रोड और मधुबन बापूधाम थानों में दर्ज मामलों में वांछित चल रहा था। लिंक रोड थाने से उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। गिरफ्तार फरमान के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
(रिपोर्ट: जुबैर अख्तर)
यह भी पढ़ें:
चाइनीज मांझे ने ली 2 बेटियों के पिता शोएब की जान, CM योगी ने दिया सख्त कार्रवाई का आदेश
फर्जी बीमा पॉलिसियों के जरिए 40 लाख की साइबर ठगी, गाजियाबाद में 7 आरोपी गिरफ्तार