1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कुएं में खराब सबमर्सिबल पंप निकालने कुएं में उतरे थे लोग, तीन की मौत; 1 हॉस्पिटल में भर्ती

कुएं में खराब सबमर्सिबल पंप निकालने कुएं में उतरे थे लोग, तीन की मौत; 1 हॉस्पिटल में भर्ती

चंदौली में कुएं से पंप निकालने के दौरान हादसा हो गया। कुएं में उतरे चारों लोग बेहोश हो गए। जब निकालकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया तो उनमें से तीन लोगों की मौत हो गई।

Chandauli Well Accident- India TV Hindi
Image Source : PEXELS (प्रतीकात्मक फोटो) चंदौली में कुएं में उतरे तीन लोगों की मौत।

यूपी के चंदौली जिले में आज (शनिवार को) एक कुएं में उतरे 4 लोगों में से तीन की मौत हो गई जबकि एक अन्य का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। मौके पर पहुंचे चंदौली डीएम चंद्रकुमार गर्ग ने आशंका जताई कि शहाबगंज थाना इलाके के किड़हिरा गांव में यह घटना जहरीली गैस या ऑक्सीजन की कमी की वजह से हुई होगी। वहीं, चकिया के सीओ अजीत सिंह चौहान ने बताया कि मृतकों की पहचान किड़हिरा गांव के रहने वाले 35 साल के जमाल, 18 साल के तौकीर और आलम के रूप में हुई है।

खराब सबमर्सिबल पंप निकालने कुएं में उतरे थे 4 लोग

डीएम चंद्रकुमार गर्ग ने बताया कि कुआं काफी पुराना था और लंबे वक्त से अनुपयोगी था। दरअसल, कुएं में लगा हुआ सबमर्सिबल पंप खराब हो गया था, जिसको निकालने के लिए तौकीर, जमाल, आलम और शमशेर ने कुएं के ऊपर लगी पट्टियों को हटाया और बारी-बारी से उसके अंदर उतरे।

बेहोशी की हालत में कुएं से निकाले गए चारों लोग

जिलाधिकारी ने आगे कहा कि खबर पाकर मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने ग्रामीणों की सहायता से चारों लोगों को कुएं से बाहर निकाला और उस वक्त सभी बेहोश थे। उन्होंने बताया कि चारों लोगों को हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टर्स ने तौकीर, जमाल और आलम को मृत घोषित कर दिया जबकि शमशेर का इलाज अभी जारी है।

मृतकों के परिजनों को दी जाएगी हर संभव मदद

डीएम चंद्रकुमार गर्ग ने मृतकों के परिवार वालों को मुआवजे के बारे में पूछे जाने पर बताया कि उन्हें हर संभव मदद उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है।

पोस्टमार्टम के बाद पता चलेगा मौत का असली कारण

इसके अलावा, चकिया सदर कोतवाली के एसएचओ अरुण कुमार सिंह ने कहा कि पोस्टमार्टम के लिए तीनों शवों को भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल पाएगा। इससे पहले, हाल में झांसी से एक खबर आई थी कि जब घर वालों ने बीड़ी जलाने के माचिस नहीं दी तो शख्स ने कुएं में छलांग लगा दी थी। इस वजह से शख्स की जान चली गई थी।

(इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें- बहन का नंबर मांगा तो भाइयों ने युवक की कर दी बेरहमी से हत्या, कुएं से लटकी हुई मिली लाश, यूपी के बुलंदशहर का मामला