1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. नोएडा में एलिवेटेड रोड से गिरकर इंजीनियर की मौत, नौकरी नहीं होने से डिप्रेशन में था

नोएडा में एलिवेटेड रोड से गिरकर इंजीनियर की मौत, नौकरी नहीं होने से डिप्रेशन में था

एलिवेटेड रोड से गिरकर एक युवा इंजीनियर की मौत हो गई। 27 वर्षीय युवक नोएडा के सेक्टर- 76 की एक सोसाइटी में रहता था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
Image Source : FILE (PTI) प्रतीकात्मक फोटो

नोएडा में एक इंजीनियर की मौत हो गई। नोएडा के थाना सेक्टर- 20 क्षेत्र में निठारी गांव के पास एलिवेटेड रोड से गिरकर 27 साल के युवा इंजीनियर की मौत हो गई। पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद इसे एक हादसा बताया है। मृतक की पहचान सामर्थ्य उर्फ समरथ के रूप में हुई है। वह निरंजन कर्मकार का बेटा था और नोएडा के सेक्टर- 76 की एक सोसाइटी में रहता था।

कैसे हुआ हादसा?

थाना सेक्टर- 20 के प्रभारी अरविंद कुमार के मुताबिक, घटना बीती रात निठारी गांव के पास एलिवेटेड रोड पर हुई। सामर्थ्य शराब के नशे में एलिवेटेड रोड पर काफी देर तक घूम रहा था। इसी दौरान सड़क के किनारे लगे एक नीम के पेड़ से पत्तियां तोड़ने के चक्कर में उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गया। हादसे के बाद उसे गंभीर हालत में नोएडा के जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

डिप्रेशन में था युवक

पुलिस की पूछताछ में परिजनों ने बताया कि सामर्थ्य पेशे से एक इंजीनियर था, लेकिन पिछले कुछ समय से उसके पास नौकरी नहीं थी। बेरोजगारी के कारण वह डिप्रेशन में चल रहा था, और इसी तनाव की वजह से उसने काफी ज्यादा शराब पीना शुरू कर दिया था। फिलहाल, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आगे की जांच कर रही है।

शेयर बाजार कारोबारी का शव फ्लैट में मिला 

एक अन्य खबर में, नोएडा के सेक्टर- 113 थाना क्षेत्र स्थित सेक्टर- 76 की आम्रपाली सिलिकॉन सिटी में रहने वाले एक शेयर बाजार कारोबारी का शव उनके फ्लैट से बरामद हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना सेक्टर- 113 के प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान राजीव अरोड़ा (68) पुत्र जगनमोहन अरोड़ा के रूप में हुई है। उनका शव उनके कमरे में मिला। 

उन्होंने बताया कि पुलिस जांच में पता चला है कि राजीव अरोड़ा शेयर का कारोबार करते थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पिछले कुछ समय में उन्हें शेयर बाजार में काफी नुकसान हुआ था और उनकी आर्थिक स्थिति खराब चल रही थी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। प्रथम दृष्टया आशंका है कि ब्रेन हेमरेज के कारण उनकी मौत हुई होगी।

(इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें-

3 साल की मासूम से हैवानियत, आरोपी को बचाने के लिए पंचायत ने 1 लाख में किया सौदा, मिले पैसों से की दारू-चिकन पार्टी

राजस्थान में 2 महीने में डिलीवरी के बाद 18 महिलाओं की मौत, स्वास्थ्य मंत्री बोले- "मौतों का पैटर्न हैरान करने वाला"; जांच के आदेश