A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. एटा में मकान टूटने के भय से युवक ने लगाई फांसी, परिवार में मचा कोहराम; BJP विधायक ने इन्हें ठहराया जिम्मेदार

एटा में मकान टूटने के भय से युवक ने लगाई फांसी, परिवार में मचा कोहराम; BJP विधायक ने इन्हें ठहराया जिम्मेदार

युवक पिछले 25 वर्षों से दो कमरे का मकान बनाकर उसमें परिवार के साथ रहता था। वन विभाग द्वारा भूमि अधिग्रहण करने के बाद उसके मकान को तोड़ने की तैयारी की जा रही थी। इसी दबाव से भयभीत होकर उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

प्रतीकात्मक तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : PIXABAY प्रतीकात्मक तस्वीर

उत्तर प्रदेश के एटा जिले के मलावन क्षेत्र में रविवार को कथित रूप से मकान तोड़े जाने के डर से एक गरीब युवक ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। क्षेत्रीय विधायक विपिन कुमार वर्मा ने बिना वैकल्पिक ठिकाना उपलब्ध कराये व्यक्ति का मकान तोड़ने की तैयारी किये जाने का आरोप लगाते हुए इस वारदात के लिए वन विभाग और जिला प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया है।

क्या है पूरा मामला?

मलावन थाना क्षेत्र के सकतपुर गांव में हरि सिंह नामक 35 वर्षीय एक व्यक्ति ने रविवार को एक पेड़ पर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। स्थानीय लोगों के मुताबिक हरि सिंह मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करता था और गांव में पिछले 25 वर्षों से दो कमरे का मकान बनाकर उसमें परिवार के साथ रहता था। वन विभाग द्वारा भूमि अधिग्रहण करने के बाद उसके मकान को तोड़ने की तैयारी की जा रही थी। इसी दबाव से भयभीत होकर हरि सिंह ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

तनाव में था हरि सिंह

घटना की जानकारी मिलने पर एटा सदर सीट से भाजपा के विधायक विपिन कुमार वर्मा मौके पर पहुंचे और सिंह के परिजन के प्रति संवेदना प्रकट की। विधायक ने हरि सिंह की आत्महत्या के लिए वन विभाग और प्रशासन को जिम्मेदार करार देते हुए कहा कि उन्होंने पहले भी पंचायत कर वन विभाग से आग्रह किया था कि 25 वर्ष पुराने मकान को तोड़ने से पहले गरीब परिवार को कहीं और बसाने के लिए मकान उपलब्ध कराया जाए। इस पर विभाग ने आश्वासन भी दिया था लेकिन इसके बावजूद लगातार मकान खाली करने का दबाव बनाया जा रहा था जिससे हरि सिंह तनाव में आ गया।

'समय रहते समाधान किया गया होता तो नहीं होती यह घटना'

उन्होंने कहा कि अगर गरीब की समस्या का समय रहते समाधान किया गया होता तो यह घटना न होती। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध सरकार के समक्ष शिकायत दर्ज कराने और कार्रवाई कराने की बात कही है। (भाषा इनपुट्स के साथ)

यह भी पढ़ें-

कानपुर: दहेज के लिए बहू को कोबरा सांप से डसवाया, हंसते रहे ससुराल वाले, सात लोगों पर FIR दर्ज

हथियार लेकर ऑफिस में घुसे बदमाश, बिजनेसमैन की किडनैपिंग का LIVE VIDEO, व्यापारी ने थार से कूदकर बचाई जान