1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. हथियार लेकर ऑफिस में घुसे बदमाश, बिजनेसमैन की किडनैपिंग का LIVE VIDEO, व्यापारी ने थार से कूदकर बचाई जान

हथियार लेकर ऑफिस में घुसे बदमाश, बिजनेसमैन की किडनैपिंग का LIVE VIDEO, व्यापारी ने थार से कूदकर बचाई जान

 Published : Sep 21, 2025 06:24 pm IST,  Updated : Sep 21, 2025 06:30 pm IST

ट्रांसपोर्ट व्यवसायी मनोज बोहिदार को हथियार बंद लोगों ने मारपीट के साथ अपनी गाड़ी में बैठा लिए। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

व्यापारी का अपहरण- India TV Hindi
व्यापारी का अपहरण Image Source : REPORTER

ओडिशा के संबलपुर शहर के ऐंठापाली इलाके में शनिवार रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक ट्रांसपोर्ट व्यवसायी मनोज बोहिदार का कुछ हथियारबंद लोगों ने फिल्मी अंदाज में अपहरण कर लिया। लेकिन हैरानी की बात ये रही कि कारोबारी ने जबरदस्त हिम्मत दिखाते हुए खुद को किडनैपर्स के चंगुल से छुड़ाकर भागने में कामयाबी हासिल की।

धारदार हथियार लिए थे किडनैपर्स

घटना शनिवार रात की है। ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े मनोज बोहिदार अपने ऑफिस में काम कर रहे थे। तभी कुछ लोग उनके ऑफिस में घुसे। उनके हाथों में धारदार हथियार थे और आते ही उन्होंने मनोज को हथियार दिखा कर धमकाने की कोशिश की।

महिला कर्मचारी ने रोकने की कोशिश की

ऑफिस में मौजूद दो महिला कर्मचारी इस हमले को रोकने की कोशिश करती रहीं, लेकिन वे बदमाशों को रोक नहीं सकीं। इसके बाद मनोज को बुरी तरह पीटा गया और जबरन घसीटते हुए बाहर ले जाया गया।

सीसीटीवी में कैद हुई किडनैपिंग की घटना

यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इसमें साफ देखा जा सकता है कि हथियारों से लैस बदमाश मनोज को ऑफिस से घसीटकर बाहर निकाल रहे हैं। महिलाएं बीच-बचाव की कोशिश कर रही हैं, लेकिन असफल रहती हैं।

थार से कूदकर व्यापारी ने बचाई जान

ऑफिस से बाहर लाने के बाद बदमाशों ने मनोज को एक काले रंग की थार गाड़ी में जबरन बिठाया और तेजी से वहां से निकल गए। जब बदमाश मनोज को लेकर बरेईपाली इलाके की तरफ बढ़ रहे थे, तो रास्ते में जैसे ही गाड़ी धीमी हुई, मनोज ने मौका देख कर चलती गाड़ी से छलांग लगा दी। इस बहादुरी भरे कदम से वे खुद को बचाने में कामयाब रहे और बदमाश देखते ही रह गए।

4 आरोपी गिरफ्तार

मनोज बोहिदार ने इस पूरी घटना की लिखित शिकायत ऐंठापाली थाना में दर्ज करवाई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को जांच के लिए जब्त कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें कोर्ट फॉरवर्ड कर दिया गया है ।

ओडिशा से शुभम कुमार की रिपोर्ट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।