A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. बेटे को बचाने के लिए बाप ने लगा दी जान की बाजी, मगरमच्छ के जबड़े से बचाकर लाया

बेटे को बचाने के लिए बाप ने लगा दी जान की बाजी, मगरमच्छ के जबड़े से बचाकर लाया

यूपी के पीलीभीत जिले में एक पिता ने जान पर खेलकर बेटे की जान बचाई। बेटे पर एक मगरमच्छ ने हमला कर दिया, जिसके बाद पिता ने जान की परवाह किए बिना मगरमच्छ के मुंह से अपने बेटे को बचा लिया।

मगरमच्छ के जबड़े से पिता ने बेटे को बचाया। - India TV Hindi
Image Source : PEXELS/REPRESENTATIVE IMAGE मगरमच्छ के जबड़े से पिता ने बेटे को बचाया।

पीलीभीत: जिले के जहानाबाद थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां नगरिया सहगवा गांव में एक पिता ने अपनी जान पर खेलकर बेटे को मौत के मुंह से खींच लाया। पिता ने अपने करीब 14 साल के नाबालिग बेटे को मगरमच्‍छ के जबड़े से बचा लिया। घटना के बाद वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। ग्रामीणों ने मगरमच्छ को दूसरी जगह छोड़ने की मांग की है। वहीं घायल बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर है। फिलहाल उसे डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। 

खेत में मगरमच्छ ने किया हमला

अधिकारियों के मुताबिक, जहानाबाद थाना क्षेत्र में नदी किनारे खेत में गेहूं की कटाई चल रही थी। इसी दौरान प्रेमशंकर के बेटे मोहित पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया। हालांकि पिता ने जूझकर बच्चे को मगरमच्छ के जबड़े से छुड़ा लिया और उसे मौत के मुंह से बचा लिया। वहीं घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। वन दरोगा कौशेंद्र अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों से जानकारी जुटाई। उन्होंने बताया कि प्रेम शंकर अपने बेटे मोहित कुमार के साथ हाईवे के किनारे स्थित खेत में गेहूं की कटाई कर रहे थे, तभी खेत के पास बह रही नदी के किनारे मोहित के जाते ही उसको मगरमच्छ अपने जबड़े में दबोच कर पानी की ओर खींचने लगा। 

घायल की हालत खतरे से बाहर

दरोगा ने बताया कि बेटे की चीख-पुकार सुनकर प्रेम शंकर अपनी जान की परवाह किए बिना मगरमच्छ से भिड़ गए और कड़े परिश्रम के बाद बेटे को उसके चंगुल से छुड़ा लिया। घायल मोहित को तुरंत पीलीभीत के जिला अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में तैनात डॉक्टर गौरव गंगवार ने बताया कि बच्चे को गंभीर चोटें आई हैं। डॉक्टर के अनुसार प्राथमिक इलाज के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर है और वह निगरानी में है। ग्रामीणों में घटना के बाद भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से मगरमच्छ को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ने की मांग की है।

यह भी पढ़ें-

यूपी पुलिस ने 'मलद्वार' से निकलवा ली चांदी, चोरी के बाद निगल लिया था चोर; खिलानी पड़ी थी दवा