बरेली: जिले के थाना बारादरी इलाके में एक चोर की हैरान करने वाली करतूत सामने आई। यहां चोर ने पुलिस को 3 दिन तक परेशान करके रखा। उसने चोरी की गई चांदी की चेन निगल कर पेट में छिपा ली। हालांकि पुलिस भी सच तक पहुंच कर मानी और आरोपी को भी जेल की सलाखों तक पहुंचा दिया। बताया जा रहा है कि चोर ने चांदी की चेन चुरा ली थी और उसे छिपाने के लिए उसने निगल लिया। पुलिस को कड़ी मेहनत के बाद डॉक्टरों की मदद से उसके पेट से यह चांदी की चेन बरामद की।
चोर ने निगल ली थी चांदी की चेन
मामला, बरेली के थाना बारादरी इलाके के हजियापुर का बताया जा रहा है। यहां के रहने वाले सिकंदर उर्फ छोटू ने चोरी के सबूत मिटाने के लिए करीब 42 ग्राम की चांदी की चेन निगल ली। वह तीन दिन तक पुलिस को उलझाए रखा। बताया जा रहा है कि उसने अपने साथी के साथ एक घर में घुसकर बाइक, मोबाइल फोन और चांदी का सामान चोरी किया था। कई बार पूछताछ करने के बाद भी उसने इस घटना को कबूल नहीं किया। पुलिस ने जांच पड़ताल की तो सीसीटीवी से उसकी पहचान हुई और पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
एक्स-रे से हुई चांदी होने की पुष्टि
गिरफ्तारी के समय ही सिकंदर ने चेन निगल ली थी, जिसके बाद हॉस्पिटल में एक्स-रे से इसकी पुष्टि हुई। इस दौरान आरोपी, चालाकी दिखाते हुए दो दिन तक शौच नहीं किया ताकि सबूत बाहर न आए। आखिरकार पुलिस ने कोर्ट और जेल प्रशासन को जानकारी देते हुए उसे दोबारा हॉस्पिटल में एडमिट कराया। यहां डॉक्टर की सलाह पर पेट को साफ करने वाली दवाई दी गई और कुछ ही देर में असर होने पर आरोपी से चेन बरामद कर ली गई। फिलहाल पुलिस ने बरामद सामान को सबूत के तौर पर सुरक्षित रख लिया है। आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
दवा खिलाकर बाहर निकलवाई चेन
सीओ पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि थाना बारादरी क्षेत्र में अज्ञात चोर ने छत के रास्ते घर में घुसकर बाइक, मोबाइल और चांदी का ब्रेसलेट चोरी कर लिया। इस संबंध में थाने पर मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में एक चेहरा दिखाई दिया। आरोपी की पहचान छोटू निवासी हजियापुर क्षेत्र के तौर पर हुई। इसको इसके साथी के साथ गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने चोरी किया हुआ चांदी का ब्रेसलेट मुंह में निदल लिया। जिला अस्पताल में डॉक्टर की मदद से दवा देकर मलद्वार से चांदी का ब्रेसलेट बाहर निकाल लिया गया है। पुलिस द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। (इनपुट- विकास साहनी)
यह भी पढ़ें-
गलती से दांत निगलना पड़ा भारी, खाने की नली में फंसा; जानें कैसे मौत के मुंह से लौटा वापस