1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. दिल्ली आ रही शताब्दी एक्सप्रेस पर पथराव, RSS चीफ मोहन भागवत थे सवार; यूपी पुलिस ने 2 लोगों को किया अरेस्ट

दिल्ली आ रही शताब्दी एक्सप्रेस पर पथराव, RSS चीफ मोहन भागवत थे सवार; यूपी पुलिस ने 2 लोगों को किया अरेस्ट

कानपुर से दिल्ली आ रही स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस में सफर के दौरान ट्रेन पर पथराव हुआ। फिरोजाबाद के पास फेंके गए पत्थर से ट्रेन की खिड़की का शीशा टूट गया। घटना के वक्त मोहन भागवत उसी कोच E1 में थे, जिस पर पथराव हुआ।

stone pelting on shatabdi express- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT फिरोजाबाद में स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस के एसी कोच पर पथराव, इसी कोच में संघ प्रमुख मोहन भागवत भी सफर कर रहे थे।

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में लखनऊ से दिल्ली आ रही स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस के एक कोच पर एक पत्थर मारा गया। पत्थर से एक कोच का आउटर शीशा टूट गया लेकिन राहत की बात ये रही कि किसी को चोट नहीं लगी। इसी ट्रेन से RSS प्रमुख मोहन भागवत भी सफर कर रहे थे। इस पथराव में मोहन भागवत बाल-बाल बच गए हैं। पत्थरबाजी के चलते ट्रेन देर से दिल्ली पहुंची। पुलिस ने CCTV के आधार पर दो लोगों की तत्काल गिरफ्तारी की है, दोनों से पूछताछ की जा रही है।

AC कोच की खिड़की का आउटर शीशा टूटा

यह घटना गुरुवार शाम इटावा टूंडला रेल खंड पर हुई। गाड़ी संख्या 12003 लखनऊ से नई दिल्ली जा रही थी। शाम करीब 7:45 बजे फिरोजाबाद-मक्खनपुर के बीच में ट्रेन के एसी कोच पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने पत्थर फेंका। पत्थर E1 कोच में सीट संख्या 53-54 के पास लगा जिससे खिड़की का बाहरी शीशा टूट गया। सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक आदित्य लागहें, पुलिस अधीक्षक (रेलवे) अनिल झा, पुलिस अधीक्षक (नगर) रवि शंकर प्रसाद और RPF के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले।

Image Source : reporter inputE1 कोच में सवार थे मोहन भागवत।

E1 कोच में ही सवार थे भागवत

पुलिस सूत्रों ने बताया कि मोहन भागवत इस ट्रेन में कानपुर से यात्रा कर रहे थे और वह E1 कोच में सवार थे। मोहन भागवत कानपुर से दिल्ली एक कार्यक्रम के सिलसिले में जा रहे थे। वह पूरी तरह से सुरक्षित हैं। उन्होंने बताया कि मामले में जांच की जा रही है। रेलवे अधिकारियों का भी कहना है कि जांच पूरी होने और रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की जानकारी सामने आएगी।

यात्रियों में मची अफरा-तफरी, ट्रेन को रोका गया

अचानक हुई इस घटना से कोच में बैठे यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। पत्थर मारने की घटना के बाद ट्रेन को टूंडला से पहले आउटर पर रोका गया। चेकिंग की गई और फिर ट्रेन को दिल्ली रवाना किया गया।

(रिपोर्ट- लवकुश शर्मा)

यह भी पढ़ें-

उज्जैन में वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पर पथराव, 5 कोचों की खिड़कियों के कांच फूटे; बाल-बाल बचे यात्री

बिहार के मुजफ्फरपुर में बड़ी घटना, वंदे भारत समेत 3 ट्रेनों पर पथराव, बोगियों के शीशे टूटे, बाल-बाल बचे यात्री