1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार के मुजफ्फरपुर में बड़ी घटना, वंदे भारत समेत 3 ट्रेनों पर पथराव, बोगियों के शीशे टूटे, बाल-बाल बचे यात्री

बिहार के मुजफ्फरपुर में बड़ी घटना, वंदे भारत समेत 3 ट्रेनों पर पथराव, बोगियों के शीशे टूटे, बाल-बाल बचे यात्री

 Reported By: Anamika Gaur, Edited By: Subhash Kumar
 Published : May 18, 2026 02:22 pm IST,  Updated : May 18, 2026 02:26 pm IST

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में वंदे भारत समेत 3 ट्रेनों पर पथराव की घटना सामने आई है। इस पत्थरबाजी में वंदे भारत के तीन बोगियों के शीशे टूट गए हैं। इसके अलावा इंटरसिटी और लिच्छवी एक्सप्रेस को भी निशाना बनाया गया है।

Bihar Muzaffarpur stone pelting on trains- India TV Hindi
बिहार के मुजफ्फरपुर में ट्रेनों पर पथराव। Image Source : REPORTER

बिहार के मुजफ्फरपुर में रेल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। सोनपुर मंडल के हाजीपुर-मुजफ्फरपुर रेलखंड के रामदयालु नगर स्टेशन के पास असामाजिक तत्वों ने वंदे भारत एक्सप्रेस समेत तीन ट्रेनों को निशाना बनाते हुए पथराव कर दिया। करीब सवा घंटे के भीतर हुई इस घटना से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। तीन ट्रेनों के कोच के शीशे आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए। इस घटना से यात्रियों में अफरा तफरी मच गई। डर से लोग अपनी सीट छोड़कर भागने लगे। इस दौरान ट्रेन में बैठे यात्री ने आरपीएफ को सूचना दी।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, रविवार शाम को असामाजिक तत्वों द्वारा ट्रेन नंबर- 26501 पाटलिपुत्र-गोरखपुर वंदे भारत एक्सप्रेस, 15550 पटना-जयनगर इंटरसिटी और 14006 आनंद विहार-सीतामढ़ी लिच्छवी एक्सप्रेस को निशाना बनाया गया। पथराव में वंदे भारत की तीन बोगियों के शीशे टूट गए, जबकि अन्य दो ट्रेनों के भी एक-एक कोच के खिड़की के कांच क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि इस घटना में कोई यात्री घायल नहीं हुआ। जानकारी के अनुसार, वंदे भारत एक्सप्रेस को मझौलिया और खबरा इलाके के पास निशाना बनाया गया।

जांच शुरू की गई 

ट्रेनों के मुजफ्फरपुर जंक्शन पहुंचने के बाद आरपीएफ ने मामले की जांच शुरू की। इस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरपीएफ ने यात्रियों के बयान भी दर्ज किए गए हैं। कुछ यात्रियों ने बच्चों द्वारा पथराव किए जाने की आशंका जताई है। आरपीएफ सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय इनपुट के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि रेलवे ट्रैक के किनारे खेल रहे बच्चों ने पत्थर फेंके हो। हालांकि, असामाजिक तत्वों की संलिप्ता से इनकार नही किया जा सकता है।

वंदे भारत पर हुआ पहला पथराव

जब वंदे भारत ट्रेन राम दयालु नगर स्टेशन पार कर रही थी तभी ट्रैक किनारे से पत्थर फेंके गए। इस दौरान वंदे भारत के C-3, C-4 और E-1 कोच के खिड़कियों के कांच टूट गए। इसके कुछ ही मिनट बाद करीब साढ़े पांच बजे पटना जयनगर 15550 इंटरसिटी के सी-1 कोच को निशाना बनाया गया। फिर शाम छह बजे लिच्छवी एक्सप्रेस के एम-2 स्लीपर कोच पर पथराव हुआ। अचानक हुए पथराव से ट्रेन में सवार बच्चे व महिलाएं सहम गये।

अधिकारियों ने क्या बताया?

इस घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और यात्रियों से घटना की जानकारी ली। रेल एसपी वीणा कुमारी ने बताया कि वंदे भारत समेत तीन ट्रेनों पर एक ही समय में पत्थरबाजी की सूचना मिली है। ट्रेन में स्कॉर्ट कर रहे जवानों ने सूचना दी है। प्रथम दृष्टया बच्चों द्वारा खेलने और पत्थर फेंकने की बात सामने आ रही है। आरपीएफ  केस दर्ज कर के अग्रतर कार्रवाई कर रही है। दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। (रिपोर्ट: संजीव कुमार)

ये भी पढ़ें- सासाराम से पटना जाने वाली ट्रेन में लगी भीषण आग, रेलवे स्टेशन पर मची अफरा-तफरी; देखें VIDEO

VIDEO: बर्ड हिट से बाल-बाल बचा सीएम सम्राट चौधरी का हेलीकॉप्टर, लैंडिंग के दौरान सामने आया पक्षी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।