सासाराम: पंडित दीनदयाल उपाध्याय गयाजी रेल खंड के सासाराम रेलवे स्टेशन पर आग लगने का मामला सामने आया है। यहां सोमवार को उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब एक सवारी गाड़ी अचानक से धधक उठी। सासाराम से आरा होकर पटना को जाने वाली पैसेंजर ट्रेन में अचानक आग लगने से प्लेटफॉर्म एवं ट्रेन में बैठे यात्रियों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते लोग इधर-उधर भागने लगे। यह घटना सोमवार की सुबह करीब 6 बजे की बताई जा रही है। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है।
एक बोगी जलकर खाक
इस घटना में पैसेंजर ट्रेन की एक बोगी पूरी तरह जलकर खाक हो गई है, जिसे ट्रेन से अलग कर दिया गया है। वहीं आरपीएफ निरीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की बात सामने आई है और रेल प्रशासन घटना की जांच में जुट गया है। उन्होंने यह भी बताया कि इस घटना में यात्रियों को कोई नुकसान नहीं हुआ है। हालांकि स्थानीय लोगों और रेल यात्रियों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि यदि समय रहते पानी और भरे हुए अग्निशमन सिलेंडर मिल जाते, तो नुकसान को बेहद कम किया जा सकता था।
घटना की जांच में जुटा रेलवे
वहीं पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र ने कहा, "आज सुबह करीब 05ः30 बजे सासाराम स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 06 पर खड़ी गाड़ी संख्या 53212 डाउन सासाराम-पटना पैसेंजर ट्रेन के एक कोच से धुआं निकलने की सूचना प्राप्त हुई। उक्त ट्रेन प्लेटफॉर्म पर स्थिर अवस्था में खड़ी थी तथा उस समय कोच में कोई यात्री मौजूद नहीं था। घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन पर उपस्थित रेलकर्मियों द्वारा धुआं निकल रहे कोच को 6.00 बजे अलग कर तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचित कर मौके पर बुलाया गया। रेलकर्मियों के सहयोग से त्वरित कार्रवाई के फलस्वरूप इसपर 6.45 बजे पूर्णतः काबू पा लिया गया। घटना में किसी भी यात्री अथवा रेलकर्मी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।" (इनपुट- रंजन सिंह)
यह भी पढ़ें-
लखनऊ में ट्रेन की बोगी में मिला युवती का सिर कटा शव, पॉलीथीन में पैक थे हाथ-पैर