1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार में बाढ़ राहत सामग्री बांटने के दौरान पुलिसकर्मी ने लोगों पर तानी पिस्तौल, हुआ निलंबित

बिहार में बाढ़ राहत सामग्री बांटने के दौरान पुलिसकर्मी ने लोगों पर तानी पिस्तौल, हुआ निलंबित

 Written By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Oct 05, 2026 08:00 am IST,  Updated : Oct 05, 2026 08:08 am IST

आरोपी पुलिसकर्मी का नाम संग्राम कुमार सिंह है। वायरल वीडियो सही पाए जाने के बाद पुलिस ने बयान जारी कर बताया कि संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

बाढ़ पीड़ितों पर पिस्टल लहराता हुआ पुलिसकर्मी- India TV Hindi
बाढ़ पीड़ितों पर पिस्टल लहराता हुआ पुलिसकर्मी Image Source : X/BHUMIHARBOY7

बिहार के कई जिले बाढ़ की चपेट में हैं। सारण जिले में बाढ़ से प्रभावित लोगों को राहत एवं सामग्री बांटी गई। सारण जिले के मकेर थाना प्रभारी को राहत सामग्री वितरण के दौरान बाढ़ प्रभावित लोगों पर पिस्तौल लहराने के आरोप में निलंबित कर दिया गया। यह कार्रवाई घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद की गई। बयान में कहा गया है कि प्रथम दृष्टया यह घटना "ड्यूटी में घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता और मनमानी" को दर्शाती है। 

तत्काल प्रभाव से किया गया निलंबित

सारण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्यालय से जारी बयान में कहा गया है, "मकेर के थाना प्रभारी संग्राम कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था, जिसमें वह इलाके में बाढ़ राहत सामग्री वितरण के समय लोगों की ओर कथित तौर पर पिस्तौल लहराते हुए दिखे थे।" 

बिहार के ये जिले हैं बाढ़ की चपेट में

सितंबर के आखिरी सप्ताह में नेपाल और आसपास के इलाकों में हुई भारी बारिश के बाद बिहार के 6 जिलों के 30 प्रखंडों की 169 ग्राम पंचायतों में करीब 9.87 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। प्रभावित जिलों में सारण, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, दरभंगा और मुजफ्फरपुर शामिल हैं। 

राहत सामग्री के पैकेट से 'चोटिल' व्यक्ति की मौत

वहीं, दूसरी ओर बिहार के बाढ़ प्रभावित सारण जिले में हेलीकॉप्टर से गिराई गई राहत सामग्री का पैकेट कथित तौर पर सिर पर लगने से 58 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना शुक्रवार दोपहर अमनौर थाना क्षेत्र के परशुरामपुर गांव स्थित एक राहत शिविर के पास हुई। व्यक्ति की पहचान इसी गांव के निवासी अनिल कुमार सिंह के रूप में हुई है। 

पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह होगी साफ

मढ़ौरा के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (SDPO) सबिंद्र कुमार दास ने कहा, ''प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि शुक्रवार अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे हेलीकॉप्टर से गिराए गए राहत सामग्री के एक पैकेट के सिर पर लगने से व्यक्ति की मौत हुई है।'' उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल ले जाया गया है और पुलिस की जांच जारी है। एसडीपीओ ने कहा कि मौत के सटीक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। (भाषा के इनपुट के साथ)

ये भी पढ़ें: 

सिलेंडर में गैस नहीं, छिपा रखी थी शराब, बिहार में तस्करी का ये तरीका देख पुलिस रह गई हैरान

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।