1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. SA टेस्ट सीरीज से पहले लाबुशेन ने बल्ले से किया कमाल, पोटचेफ्स्ट्रूम में जड़ा तूफानी शतक

SA टेस्ट सीरीज से पहले लाबुशेन ने बल्ले से किया कमाल, पोटचेफ्स्ट्रूम में जड़ा तूफानी शतक

 Written By: Vanson Soral
 Published : Oct 05, 2026 07:34 am IST,  Updated : Oct 05, 2026 07:34 am IST

मार्नस लाबुशेन ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले पोटचेफ्स्ट्रूम में शानदार 111 रन की पारी खेली। उन्होंने सिर्फ 76 गेंदों में शतक पूरा किया।

Marnus Labuschagne - India TV Hindi
मार्नस लाबुशेन Image Source : AFP

ऑस्ट्रेलिया की टीम इस समय साउथ अफ्रीका में है और टेस्ट सीरीज की तैयारियों में जुटी है। 9 अक्टूबर से दोनों टीमों के बीच 3 मैंचों की टेस्ट सीरीज का आगाज होगा। इस सीरीज से पहले ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ बल्लेबाज मार्नश लाबुशेन के बल्ले से अहम पारी निकली हैं। मार्नस ने शानदार शतक जड़ते हुए अपनी दावेदारी मजबूत कर दी है। पोटचेफ्स्ट्रूम में CSA इनविटेशनल XI के खिलाफ अभ्यास मैच में उन्होंने सिर्फ 76 गेंदों में सेंचुरी पूरी की। लाबुशेन 111 रन बनाकर रिटायर हुए। ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पारी 368/6 के स्कोर पर घोषित की और मुकाबला ड्रॉ पर खत्म हुआ।

टेस्ट सीरीज से पहले लय में नजर आए लाबुशेन

खास बात यह रही कि लाबुशेन का जन्म पोटचेफ्स्ट्रूम से 50 किलोमीटर से भी कम दूरी पर स्थित क्लर्क्सडॉर्प में हुआ था। ऐसे में घरेलू इलाके के करीब खेलते हुए उनके बल्ले से निकला यह शतक आत्मविश्वास बढ़ाने वाला रहा। CSA इनविटेशनल XI का गेंदबाजी आक्रमण मजबूत नहीं था, लेकिन लाबुशेन ने मिले मौके का भरपूर फायदा उठाया। इसी मैदान पर 2020 में उन्होंने अपना पहला ODI शतक लगाया था।

बता दें, लाबुशेन पिछले कुछ समय से टेस्ट टीम में अपनी जगह को लेकर सवालों के घेरे में हैं। उन्होंने तीन साल से अधिक समय से टेस्ट क्रिकेट में शतक नहीं लगाया है और 2023 एशेज के बाद उनका टेस्ट औसत सिर्फ 25.43 रहा है। इसके बावजूद अगले सप्ताह डरबन में साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाले पहले टेस्ट में उनके नंबर-3 पर उतरने की संभावना मजबूत मानी जा रही है।

स्मिथ के साथ मिलकर की शतकीय साझेदारी

अभ्यास मैच में लाबुशेन ने स्टीव स्मिथ के साथ तीसरे विकेट के लिए 115 रन की साझेदारी की। स्मिथ ने 61 रन बनाए। वह अपनी लय में नहीं दिखे, हालांकि अर्धशतक पूरा करने के बाद उन्होंने अपने शॉट्स खोलने शुरू किए और टी ब्रेक के समय रिटायर हो गए।ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड और मैट रेनशॉ अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके। हेड को जीवेशन पिल्ले ने स्लिप में दूसरी कोशिश में कैच किया, जबकि रेनशॉ को क्रिस्टोफर किंग ने आउट किया। रेनशॉ ने पिछले ODI में कलाई पर चोट लगने के बाद पिछले दिन फील्डिंग नहीं की थी, लेकिन 4 अक्टूबर को बल्लेबाजी करने से साफ हो गया कि उनकी चोट को लेकर कोई बड़ी चिंता नहीं है। 

इसके बाद ब्यू वेबस्टर को पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी का मौका मिला। एलेक्स कैरी ने 16 गेंदों के बाद अपना खाता खोला, लेकिन इसके बाद उन्होंने तेजी से रन बनाए और 57 रन की पारी खेली। कैरी ने वेबस्टर के साथ 76 रन जोड़े। कूपर कॉनॉली और कप्तान पैट कमिंस ने दिन का खेल खत्म होने तक मोर्चा संभाले रखा। ऑस्ट्रेलिया ने 16 ओवर बाकी रहते हाथ मिलाकर मुकाबला ड्रॉ करने का फैसला किया। अब ऑस्ट्रेलियाई टीम 5 अक्टूबर को डरबन रवाना होगी। यहां से ऑस्ट्रेलिया की असली परीक्षा शुरू होगी और लाबुशेन पर भी अपनी फॉर्म को साबित करने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।

यह भी पढ़ें:

पाकिस्तानी ऑलराउंडर ने इंटरनेशनल क्रिकेट को कहा अलविदा, मां के नक्शेकदम पर चलने का किया फैसला

वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर को मिली कप्तानी, 18 की उम्र में संभालेंगे दिल्ली की कमान

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।