1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. तीन दिन में शुगर जड़ से खत्म करने का दावा, बरेली में फर्जी दवा बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश

तीन दिन में शुगर जड़ से खत्म करने का दावा, बरेली में फर्जी दवा बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश

बरेली में शुगर की बीमारी से परेशान लोगों को जल्द ठीक करने का झांसा देकर फर्जी आयुर्वेदिक दवाएं बेचने वाले गिरोह का थाना बारादरी पुलिस ने पर्दाफाश किया है।

Bareily- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT बरेली में फर्जी दवा बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश

बरेली में डायबिटीज मरीजों की परेशानी और बीमारी से जल्द राहत पाने की उम्मीद को ठगी का जरिया बनाने वाले गिरोह का खुलासा हुआ है। बारादरी थाना पुलिस ने सैलानी इलाके में छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि गिरोह बिना किसी वैध लाइसेंस के फर्जी आयुर्वेदिक कंपनी और वेबसाइट के जरिए दवाओं का ऑनलाइन कारोबार चला रहा था। सोशल मीडिया पर भ्रामक विज्ञापन देकर लोगों को सिर्फ तीन दिन में शुगर पूरी तरह ठीक करने का झांसा दिया जाता था।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साजिद मलिक, इस्लाम और मोहम्मद जफर के रूप में हुई है। इनके ठिकाने से 14 मोबाइल फोन, तीन लैपटॉप और चार्जर के अलावा 75 फर्जी दवाएं बरामद की गई हैं। पुलिस को नकली बिल, शिपिंग लेबल और ऑनलाइन शॉपिंग वेबसाइट से जुड़ा डेटा भी मिला है।

सोशल मीडिया पर चलाते थे भ्रामक विज्ञापन

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी फेसबुक, इंस्टाग्राम समेत दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ऐसे विज्ञापन चलाते थे, जिनमें डायबिटीज को कुछ ही दिनों में पूरी तरह ठीक करने के दावे किए जाते थे। विज्ञापन देखकर जब कोई व्यक्ति संपर्क करता था तो गिरोह के सदस्य फोन पर बातचीत कर दवा का ऑर्डर लेते थे। इसके बाद फर्जी कंपनी के नाम से बिल तैयार किया जाता और नकली दवाएं कूरियर के जरिए कैश ऑन डिलीवरी पर ग्राहक तक भेजी जाती थीं।

पुलिस के अनुसार, गिरोह कथित तौर पर एक कॉल सेंटर भी संचालित कर रहा था। यहां से लोगों को फोन कर भ्रामक दावों के जरिए दवाएं बेचने का काम किया जाता था। आरोपियों के पास से डायबो डायबिटिक पाउडर और ब्रह्म शुगर केयर समेत कई उत्पाद बरामद किए गए हैं।

पुलिस की गिरफ्त में 3 आरोपी

CO ने बताया कि 12 सितंबर 2026 को मिली सूचना के आधार पर बारादरी पुलिस ने कार्रवाई की। जांच में पता चला कि आरोपी बिना वैध लाइसेंस के वेबसाइट बनाकर अलग-अलग प्रकार की कथित फर्जी आयुर्वेदिक दवाओं की बिक्री कर रहे थे। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से मोबाइल, लैपटॉप, दवाएं, फर्जी बिल और वेबसाइट से संबंधित डेटा बरामद किया है। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं और IT एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

(रिपोर्ट: विकास साहनी)

यह भी पढ़ें:

PNB की त‍िजोरी में 7.4 नहीं, 17 करोड़ नकली नोट मिलने का दावा, कैसे बदल गए नोट? सुरक्षा में कैसे लगी सेंध

गोरखपुर में डंपर का कहर, कार को टक्कर मारने के बाद 2 KM तक घसीटा, VIDEO देखकर उड़ जाएंगे होश