गोरखपुर: यूपी के गोरखपुर जिले से एक हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो को देखकर आपके भी रोंगटे खड़े हो जाएंगे। गोरखपुर में कार को टक्कर मारने के बाद डंपर ने 2 किमी तक कार को घसीटा। यह वीडियो दो दिन पहले का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक शराब के नशे में डंपर चालक कार को घसीटता हुआ 2 किमी तक ले गया। पुलिस और राहगीरों ने डंपर को दौड़ाकर उसका पीछा किया, जिसके बाद कार चालक की जान बची। फिलहाल डंपर चालक को हिरासत में ले लिया गया है।
कार को दो किमी तक घसीटा
जानकारी के मुताबिक गीडा थाना क्षेत्र के नौसड़ चौराहे के पास 10 सितंबर (गुरुवार) की देर रात तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से कार में टक्कर मार दी। इससे कार डंपर में फंस गई, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसे घसीटते हुए भागने का प्रयास किया। डंपर चालक 2 किमी तक कार को घसीटता रहा। गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों ने घेरकर डंपर को रोका और कार में फंसे दोनों युवकों को बाहर निकाला। गनीमत रही कि युवक सुरक्षित बच गए, लेकिन पूरे समय उनकी जान हलक में रही। पुलिस ने डंपर चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दोनों वाहनों को भी कब्जे में ले लिया है। इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है, जो रोंगटे खड़े कर देना वाला है।
मौत के मुंह से निकले कार सवार
गोरखपुर के रुस्तमपुर निवासी नवदीप तिवारी और कोतवाली थाना क्षेत्र निवासी सौरभ अग्रवाल दोनों मौत के मुंह से बाहर आए। उन्होंने बताया कि वे 10 सितंबर (गुरुवार) को गीडा स्थित एक कंपनी में काम से गए थे। दोनों युवक रात करीब सवा 11 बजे स्विफ्ट डिजायर कार से घर लौट रहे थे। वे नौसड़ चौराहे के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे डंपर ने कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार डंपर में फंस गई। इसके बाद भी डंपर चालक ने वाहन नहीं रोका। वो कार को अपने आगे फंसाकर राजघाट पुल की तरफ भागने लगा। कार में दोनों युवक थे और वे डंपर में फंसे वाहन में ही रह गए।
घटना का वीडियो आया सामने
उन्होंने बताया कि डंपर चालक करीब 2 किमी तक कार को घसीटता रहा। इस दौरान डंपर की स्पीड 70 किमी से अधिक रही होगी। आसपास के लोगों ने भी डंपर के पीछे कार को घसीटते देखा तो अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसी दौरान रात्रि गश्त पर तैनात कांस्टेबल राहुल कुशवाहा और कांस्टेबल विकास यादव की नजर डंपर पर पड़ी। दोनों पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आगे से घेराबंदी की और डंपर को रुकवा लिया। इसके बाद कार में फंसे दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। डंपर चालक की पहचान संतकबीरनगर जिले के महुली थाना क्षेत्र के धनजौर निवासी हरिकेश पुत्र राजमन यादव के रूप में हुई है।
आरोपी डंपर चालक को पुलिस ने पकड़ा
गोरखपुर की सीओ गीडा आभा सिंह ने बताया कि 10 सितंबर को रात में नौसड़ चौराहे के पास एक डंपर द्वारा एक स्विफ्ट डिजायर कार को टक्कर मार दी गई। टक्कर मारने के बाद स्विफ्ट डिजायर को कुछ दूर तक घसीटकर ले जाया जा रहा था, जिसे पुलिस बल के हस्तक्षेप के बाद रोका गया। पुलिसकर्मियों द्वारा स्विफ्ट डिजायर में सवार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। डंपर चालक को पुलिस हिरासत में ले लिया गया है। डंपर चालक के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। (इनपुट- राज श्रीवास्तव)
यह भी पढ़ें-
यूपी में कार की डिग्गी में मिला युवक का शव, सिर कूच कर की गई थी हत्या; मचा हड़ंकप