समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर जिले से एक हैरान कर देने वाली तस्वीर सामने आई है। यहां विभूतिपुर थाना क्षेत्र के भरपुरा स्कूल के पास उस समय लोगों के बीच अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई, जब सड़क पर करीब 10 फीट लंबा विशाल अजगर दिखाई दिया। अजगर सड़क पार कर रहा था और उसे देखने के लिए आसपास के लोग मौके पर जुट गए। विशाल अजगर को अचानक सड़क पर देखकर राहगीर और वाहन चालक कुछ देर के लिए सहम गए। अजगर के सड़क पार करने के दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की रफ्तार थम गई। लोग सुरक्षित दूरी बनाकर खड़े होकर अजगर को देखते रहे।
राहगीरों की थम गई रफ्तार
इस दौरान कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन से अजगर का वीडियो भी रिकॉर्ड किया। बताया जा रहा है कि अजगर धीरे-धीरे सड़क पार कर दूसरी तरफ चला गया। हालांकि, इतने बड़े अजगर को आबादी और सड़क के नजदीक देखकर स्थानीय लोगों में कौतूहल के साथ-साथ डर का माहौल भी देखा गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद आसपास के निचले इलाकों और जंगल-झाड़ियों में पानी पहुंच रहा है। ऐसे में संभव है कि सुरक्षित जगह की तलाश में अजगर अपने प्राकृतिक ठिकाने से निकलकर गांव की ओर आया हो।
सामने आया घटना का वीडियो
हालांकि, अजगर के सड़क तक पहुंचने के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अजगर के सड़क पार करने की सूचना के बाद स्थानीय लोगों के बीच इसकी चर्चा तेज हो गई। फिलहाल इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने ऐसे वन्यजीव दिखाई देने पर उससे दूरी बनाए रखने और खुद पकड़ने या छेड़छाड़ करने के बजाय वन विभाग को सूचना देने की अपील की है।
मुंबई में कार की बोनट में निकला अजगर
हाल ही में मुंबई से भी ऐसा ही एक मामला सामने आया है था। यहां दहिसर इलाके में एक कार की बोनट के अंदर अजगर मिला। घटना कंदरपाड़ा में बापू बागवे रोड पर महेश्वर बिल्डिंग के पास हुई। जब कार का बोनट खोला गया तो उसके अंदर अजगर देखने को मिला। वहीं अजगर को देखते ही हड़कंप मच गया। अजगर मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने स्नेक रेस्क्यू टीम को इसकी सूचना दी। इसके बाद स्नेक रेस्क्यू टीम ने उसे किसी तरह से बाहर निकाला। बाद में अजगर की जांच की गई, जिसमें वह स्वस्थ पाया गया और फिर उसे संजय गांधी नेशनल पार्क में छोड़ दिया गया। (इनपुट- सुनील कुमार)
यह भी पढ़ें-