1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. रेलवे लाइन पर वेल्डिंग के दौरान फटा सिलिंडर, गाजीपुर में मजदूर के दोनों पैर कटकर अलग, महिला की आंखें चोटिल

रेलवे लाइन पर वेल्डिंग के दौरान फटा सिलिंडर, गाजीपुर में मजदूर के दोनों पैर कटकर अलग, महिला की आंखें चोटिल

गाजीपुर में रेलवे ट्रैक पर वेल्डिंग के दौरान ऑक्सीजन गैस सिलेंडर फटने से 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में एक मजदूर के दोनों पैर घुटने के नीचे से कट गए, जबकि दूसरे के दोनों पैर और कमर के नीचे का हिस्सा गंभीर रूप से झुलस गया।

घायलों को अस्पताल में...- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में बुधवार शाम करीब 5 बजे रेलवे की नीलाम की गई पटरियों को हटाने के काम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। महाराजगंज रेलवे लाइन से करीब डेढ़ किलोमीटर पश्चिम, लक्ष्मण का पुरवा के पास पटरियों को गैस कटर से छोटे टुकड़ों में काटने का काम पूरा करने के बाद मजदूर ऑक्सीजन गैस सिलेंडर को लेकर करीब 500 मीटर दूर रखने के लिए जा रहे थे।

कैसे हुआ हादसा?

बताया जा रहा है कि सिलेंडर को राजेश बिंद के घर के पास जमीन पर रखते ही अचानक जोरदार ब्लास्ट हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दो मजदूर और घर में बर्तन धो रही महिला समेत कुल तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ब्लास्ट में कासिमाबाद के पाली निवासी भगवान राम पुत्र परमेश्वर राम के दोनों पैर घुटने के नीचे से कटकर अलग हो गए।

दूसरे के पैर झुलसे, महिला की आंखों में चोट

वहीं, उनके साथ काम कर रहे पाली निवासी अविनाश उर्फ विकास राम पुत्र रामबदन राम के दोनों पैर और कमर के नीचे का हिस्सा गंभीर रूप से झुलस गया। धमाके की चपेट में राजेश बिंद की पत्नी बलमती देवी भी आ गईं। बलमती देवी की दोनों आंखों में चोट और झुलसने की जानकारी सामने आई है।

Image Source : reporter inputगंभीर घायल हुए 3 मजदूर।

गंभीर हालत में दोनों मजदूर वाराणसी रेफर

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तीनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। पहले मेडिकल कॉलेज और इसके बाद जिला अस्पताल में घायलों को उपचार दिया गया। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद भगवान राम और अविनाश उर्फ विकास की गंभीर हालत को देखते हुए दोनों को वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया। वहीं बलमती देवी का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।

मामले की जांच कर रही पुलिस

सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस और संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रेलवे की नीलाम पटरियों को गैस कटर से काटकर हटाने का काम किया जा रहा था और काम खत्म होने के बाद सिलेंडर को सुरक्षित स्थान पर ले जाया जा रहा था। सिलेंडर जमीन पर रखते ही ब्लास्ट क्यों हुआ, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की कार्रवाई और हादसे के वास्तविक कारण की जांच कर रही है।

(रिपोर्ट- शशि कान्त तिवारी)

यह भी पढ़ें-

दिल्ली के ओखला में ऑक्सीजन सिलेंडर ब्लास्ट, एक की मौत और चार घायल

बागपत में चाय बनाते समय सिलेंडर में आग, 4 साल के मासूम की मौत; दादा-दादी समेत 4 झुलसे