1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. बागपत में चाय बनाते समय सिलेंडर में आग, 4 साल के मासूम की मौत; दादा-दादी समेत 4 झुलसे

बागपत में चाय बनाते समय सिलेंडर में आग, 4 साल के मासूम की मौत; दादा-दादी समेत 4 झुलसे

 Published : Jun 04, 2026 11:09 am IST,  Updated : Jun 04, 2026 11:15 am IST

बड़ौत के पठानकोट मोहल्ले में देर रात घर में चाय बनाते समय अचानक बड़े सिलेंडर में लीकेज होने से आग लग गई। इससे पास में रखे छोटे सिलेंडर ने भी आग पकड़ ली। घर में मची चीख-पुकार के बीच 4 साल का बच्चा चारपाई के नीचे छिप गया था।

खाली प्लॉट में फेंकने...- India TV Hindi
खाली प्लॉट में फेंकने के बाद भी सिलेंडर से आग की लपटें काफी ऊंची उठती रही। Image Source : REPORTER INPUT

यूपी के बागपत में घर में चाय बनाते समय छोटे और बड़े सिलेंडर में लगी आग से झुलसे 4 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई जबकि उसका 10 वर्षीय भाई, दादा-दादी व चाचा आग से झुलस गए। आग लगे सिलेंडर को किसी तरह घर के बाहर फेंका जिसे पड़ोसियों ने किसी तरह बुझाया। बच्चे की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले में जानकारी जुटाई। वहीं, परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है।

कैसे हुआ हादसा?

दरअसल, यह घटना बड़ौत शहर कोतवाली क्षेत्र के पठानकोट मोहल्ले में देर रात को हुई। यहां हासिम अपने माता-पिता, बीवी-बच्चों के साथ रहता है। देर रात घर में चाय बनाते समय अचानक बड़े सिलेंडर में लीकेज होने से आग लग गई। इससे पास में रखे 5 किलोग्राम वाले छोटे सिलेंडर ने भी आग पकड़ ली। आग लगने से घर में चीख पुकार मच गई। पहले तो सभी घर से बाहर भागने लगे, लेकिन जब 4 वर्षीय जैद पुत्र हासिम कहीं नहीं दिखा तो घर में फिर से सभी अंदर दौड़े।

चारपाई के नीचे छिप गया था बच्चा

डर की वजह से जैद एक चारपाई के नीचे छिप गया था। उसे बाहर निकालने में उसके दादा कय्यूम, दादी संजीदा और 10 वर्षीय बच्चा हुसैद भी झुलस गए। गम्भीर रूप से आग में झुलस चुके जैद को आनन फानन में यहां से दिल्ली ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घर में आग लगे सिलेंडर को बाहर निकालने में जैद के चाचा वसीम भी बुरी तरह से झुलस गए।

विलाप करते परिजन।
Image Source : REPORTER INPUTविलाप करते परिजन।

सिलेंडर को बाहर एक खाली प्लॉट में फेंकने के बाद भी सिलेंडर से आग की लपटें काफी ऊंची उठती रही जिससे मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल रहा। किसी तरह पड़ोसियों ने सिलेंडर में लगी आग पर काबू पाया।

परिवार में सबसे छोटा था जैद

मृतक 4 वर्षीय जैद 6 भाई बहन (2 लड़के, 4 लड़कियां) थे जिनमें से जैद सबसे छोटा था। जैद के पिता हासिम गाड़ी चलाकर परिवार का पालन करते हैं जबकि परिवार के दूसरे लोग भी मजदूरी करते हैं। इस दर्दनाक घटना के बाद मोहल्ले-पड़ोस में भी शोक छाया हुआ हैं। सभी लोग परिवार के लोगों को सांत्वना देने के लिए इकट्ठा हुए।

(रिपोर्ट- पारस जैन)

यह भी पढ़ें-

गुजरात: AC में धमाका, पूरे घर में लगी आग; LIB पुलिसकर्मी जिंदा जल गईं

मुजफ्फरपुर: ब्रह्मपुरा के प्रसाद हॉस्पिटल में आग, 4 मरीजों की मौत, CM सम्राट चौधरी ने मुआवजे का ऐलान किया

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।