गुजरात के पाटन से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक मकान में एयर कंडीशनर (AC) में जोरदार ब्लास्ट होने के बाद भीषण आग लग गई। इस हादसे में पाटन पुलिस के एलआईबी विभाग में कार्यरत सुरेखाबेन चौधरी की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस काफिला और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और एसी विस्फोट के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए कानूनी जांच शुरू कर दी गई है।
कैसे हुआ हादसा?
घटना बुधवार दोपहर की है। पाटन के पद्मनाथ चौकड़ी के पास मां गायत्री दर्शन फ्लैट में रहने वाली और पाटन पुलिस के एलआईबी विभाग में हेड कांस्टेबल के पद पर कार्यरत सुरेखाबेन गंडाभाई चौधरी दोपहर में अपने घर में अकेली सो रही थीं। तभी अचानक घर में लगे एसी में जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते पूरे घर में भीषण आग लग गई। इस दौरान सुरेखाबेन घर के अंदर ही फंस गई। आग लगने से उसका शरीर पूरी तरह जल गया, जिससे उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पूरी तरह जल गया शव
घटना की गंभीरता को देखते हुए उच्च अधिकारियों का एक काफिला तुरंत मौके पर पहुंचा। महिला पुलिसकर्मी के पूरी तरह जले हुए शव को कमरे से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को तुरंत पीएम धरपुर अस्पताल पहुंचाया, जहां पैनल के डॉक्टरों द्वारा विस्तृत पोस्टमार्टम किया गया।
आग लगने की प्रमुख वजह क्या?
वहीं, आपको बता दें कि गर्मी का मौसम आते ही आग अपना अलग रौद्र रूप दिखाती है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आग लगने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी इस साल आग की घटनाओं ने कई लोगों को अपनी चपेट में लिया है। दिल्ली में इस साल अब तक (जनवरी से 3 जून तक) आग लगने की घटनाओं में कम से कम 66 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें अकेले 3 जून को ही मालवीय नगर अग्निकांड में 21 लोगों की मौत हुई है। मई के महीने में 13 लोगों की मौत आग से हुई है।
गर्मी के महीनों के दौरान तापमान में वृद्धि और शुष्क मौसम के कारण आमतौर पर आग लगने की घटनाओं में वृद्धि हो जाती है।
(रिपोर्ट- केतन पटेल)
यह भी पढ़ें-
मुजफ्फरपुर: ब्रह्मपुरा के प्रसाद हॉस्पिटल में आग, ICU में भर्ती मरीजों की दम घुटने से मौत