झांसी के चिरगांव थाना क्षेत्र में रिश्तों को झकझोर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, एक बुजुर्ग ने अपनी नाबालिग नातिन को उसके कथित साथी के साथ घर में देख लिया था। इसके बाद हुए विवाद में बुजुर्ग की हत्या कर दी गई और शव को कुएं में फेंक दिया गया। शुरुआत में मौत को हादसा मानकर अंतिम संस्कार भी कर दिया गया, लेकिन तीन दिन बाद घर की सफाई के दौरान मिले खून से सने कपड़ों ने पूरे मामले से पर्दा उठा दिया।
मृतक की पहचान छिरौना गांव निवासी रामदीन के रूप में हुई है। मृतक के दामाद अशोक कुमार की तहरीर पर पुलिस ने नाबालिग नातिन और उसके कथित साथी विशाल के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक और नातिन के कपड़ों पर खून के धब्बे मिले
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, घटना 12 सितंबर 2026 की बताई गई है। उस दिन रामदीन की पत्नी मजदूरी करने गई थी और घर पर रामदीन व उनकी नातिन मौजूद थे। शाम को जब पत्नी घर लौटी तो रामदीन नहीं मिले। काफी तलाश के बाद अगले दिन गांव के एक कुएं में उनका शव मिला। परिजनों के अनुसार, उस समय घटना को दुर्घटना मानते हुए अंतिम संस्कार कर दिया गया था। इसके बाद 15 सितंबर को घर की सफाई के दौरान मृतक और नातिन के कपड़ों पर खून के धब्बे मिले। इससे परिजनों को संदेह हुआ और पूछताछ के बाद मामले में हत्या की आशंका सामने आई।
सिर पर सिलबट्टे से वार
तहरीर में लगाए गए आरोपों के अनुसार, नातिन ने बताया कि घटना वाले दिन विशाल नाम का युवक घर आया था। इसी दौरान रामदीन वहां पहुंच गए और दोनों को देख लिया। इसके बाद रामदीन और विशाल के बीच विवाद और मारपीट हुई। आरोप है कि विशाल ने रामदीन का गला दबाया, जबकि बाद में सिर पर सिलबट्टे से वार किया गया। पुलिस के मुताबिक, मौत के बाद शव को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से दोनों आरोपियों ने उसे गांव के पास स्थित कुएं में फेंक दिया। हालांकि, मामले की जांच और साक्ष्यों के आधार पर ही घटना के पूरे घटनाक्रम की पुष्टि होगी।
दुर्घटना मानकर कर दिया था अंतिम संस्कार
चिरगांव थाना पुलिस ने अशोक कुमार की तहरीर पर नाबालिग नातिन और विशाल निवासी छिरौना के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं एसपी ग्रामीण अरविंद कुमार ने बताया कि थाना चिरगांव के ग्राम छिरौना में गत 12-09-2026 को बुजुर्ग रामदीन कुशवाहा का शव कुएं के पास मिला था, जिसे शुरुआत में दुर्घटना मानकर अंतिम संस्कार कर दिया गया था। कल जब परिजन घर की सफाई कर रहे थे, तब उन्हें खून से सने कपड़े मिले, जिसके आधार पर हत्या की आशंका जताते हुए थाने में तहरीर दी गई।
आरोपी ने हत्या की बात कबूली
तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर पुलिस ने नामजद संदिग्धों मृतक के नाबालिग नातिन और पड़ोसी युवक विशाल से पूछताछ की। दोनों ने घटना को स्वीकार करते हुए पूरी वारदात का खुलासा किया। पुलिस ने घटना से जुड़े खून से सने कपड़े व अन्य साक्ष्य बरामद कर लिए हैं तथा फॉरेंसिक टीम द्वारा वैज्ञानिक साक्ष्य भी संकलित किए गए हैं। दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। प्रकरण में थाना चिरगांव पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। इससे पहले अभी हाल में कौशांबी में कार की डिग्गी में एक युवक का शव मिला था। हत्या सिर कूच कर की गई थी।
रिपोर्टः आकाश राठौर
ये भी पढ़ेंः लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर अब बंथरा के पास एलिवेटिड रोड का हिस्सा धंसा, बनाने वाली कंपनी पर लगा 3 साल का बैन