A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. ग्रेटर नोएडा में चलीं ताबड़तोड़ गोलियां, ड्यूटी पर जा रहे युवक को बदमाशों ने मारी 6 गोली; मौत

ग्रेटर नोएडा में चलीं ताबड़तोड़ गोलियां, ड्यूटी पर जा रहे युवक को बदमाशों ने मारी 6 गोली; मौत

ग्रेटर नोएडा के इकोटेक थर्ड थाना क्षेत्र के वैदपुरा गांव में बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। युवक पर बदमाशों ने छह गोलियां दागीं। ये घटना तब हुई जब युवक ड्यूटी पर जा रहा था।

मृतक दीपक नागर- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT मृतक दीपक नागर

ग्रेटर नोएडा: दिल्ली-NCR में बदमाशों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी एक खौफनाक बानगी ग्रेटर नोएडा में देखने को मिली है। बुधवार को यहां के इकोटेक थर्ड थाना क्षेत्र के वैदपुरा गांव में बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बदमाशों ने युवक को निशाना बनाते हुए एक के बाद एक 6 गोलियां मारीं। लहूलुहान हालत में युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और गांव में मातम पसरा हुआ है।

ड्यूटी पर जाते समय मारी गई गोली

जानकारी के अनुसार, वैदपुरा गांव में दीपक नागर (पुत्र अशोक नागर) बुधवार को अपने घर से रोजाना की तरह ड्यूटी के लिए निकला था। वह कुछ ही दूर पहुंचा था कि तभी मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए अज्ञात बदमाशों ने उसे घेर लिया। इससे पहले कि दीपक कुछ समझ पाता, बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

घायल दीपक को गंभीर हालत में तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन घाव गहरे होने के कारण इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दीपक की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया और वैदपुरा गांव में सन्नाटा पसर गया है।

डीसीपी ने बनाई दो टीमें

वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के आला अधिकारी के अलावा फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने क्राइम सीन का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बारे में बताते हुए डीसीपी ने दो विशेष टीमों का गठन किया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही घटना का सफल अनावरण करते हुए गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। सभी संभावित बिंदुओं पर गहनता से जांच जारी है।

ये भी पढ़ें-

फिर दहल उठी दिल्ली..., रोहिणी में डबल मर्डर की वारदात, दो नाबालिगों की हुई हत्या

झुंझुनूं: पति के साथ परीक्षा देने जा रही थी पूजा, छाती के ऊपर से निकला डंपर का टायर, 3 माह का मासूम अब किसके सहारे?