1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. झुंझुनूं: पति के साथ परीक्षा देने जा रही थी पूजा, छाती के ऊपर से निकला डंपर का टायर, 3 माह का मासूम अब किसके सहारे?

झुंझुनूं: पति के साथ परीक्षा देने जा रही थी पूजा, छाती के ऊपर से निकला डंपर का टायर, 3 माह का मासूम अब किसके सहारे?

 Published : May 20, 2026 06:49 pm IST,  Updated : May 20, 2026 06:49 pm IST

झुंझुनूं में आज एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक तेज रफ्तार डंपर ने स्कूटी सवार पति-पत्नी को बेरहमी से कुचल दिया। हादसे में विवाहिता की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में पूजा की मौत...- India TV Hindi
हादसे में पूजा की मौत हो गई, गंभीर रूप से घायल पति मनजीत अस्पताल में भर्ती है Image Source : REPORTER INPUT

झुंझुनूं शहर में बुधवार सुबह करीब 11 बजे के आसपास हुआ एक दर्दनाक सड़क हादसा पूरे इलाके को गमगीन कर गया। गोलाई मोड़ स्थित पंचदेव मंदिर के आगे इंडाली बायपास पर तेज रफ्तार डंपर ने स्कूटी सवार दंपती को कुचल दिया। हादसे में 24 वर्षीय पूजा कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति मनजीत मेघवाल गंभीर रूप से घायल हो गया। वह अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और लोगों की आंखें नम हो गईं।

परीक्षा देने झुंझुनूं आ रही थी, रास्ते में काल बनकर आया डंपर

जानकारी के अनुसार पूजा कुमारी मूल रूप से भैंसावता गांव की रहने वाली थी और झुंझुनूं के राजस्थान कॉलेज से बीएड की पढ़ाई कर रही थी। बुधवार को वह परीक्षा देने के लिए झुंझुनूं आ रही थी। उसका पति मनजीत मेघवाल, जो सोलाना स्थित एक पेट्रोल पंप पर काम करता है, उसे स्कूटी से कॉलेज छोड़ने आ रहा था। इसी दौरान गोलाई मोड़ पर तेज गति से आए डंपर ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। 

डंपर के पहियों के नीचे आ गई पूजा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भयानक थी कि पूजा सीधे डंपर के पहियों के नीचे आ गई और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत गंभीर रूप से घायल मनजीत को संभाला और टेंपो की मदद से बीडीके अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जयपुर रेफर कर दिया गया।

डेढ़ साल पहले की थी लव मैरिज

मनजीत और पूजा ने करीब डेढ़ साल पहले लव मैरिज की थी। दोनों बेहद खुश थे और तीन महीने पहले ही उनके घर में बच्चे की किलकारी गूंजी थी। इस हादसे की सबसे मार्मिक तस्वीर उस तीन महीने के मासूम बेटे की है, जो घर पर अपनी मां के लौटने का इंतजार कर रहा था। जिस मां ने सुबह उसे प्यार से छोड़ा था, वह अब कभी वापस नहीं लौटेगी। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में मातम पसरा हुआ है। 

हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। वहीं डंपर चालक मौके से फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

(रिपोर्ट- अमित शर्मा)

यह भी पढ़ें-

एक्सीडेंट कर के रेलवे ट्रैक पर 2 किलोमीटर दौड़ा दिया ट्रक, सिरफिरे ड्राइवर की करतूत सुनकर दंग रह जाएंगे

मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर बारातियों से भरे ट्रक का एक्सीडेंट, 12 मौतें, 30 से ज्यादा घायल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।