1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. एक्सीडेंट कर के रेलवे ट्रैक पर 2 KM दौड़ा दिया ट्रक, सिरफिरे ड्राइवर की करतूत सुनकर दंग रह जाएंगे, यूपी के इस जिले का मामला

एक्सीडेंट कर के रेलवे ट्रैक पर 2 KM दौड़ा दिया ट्रक, सिरफिरे ड्राइवर की करतूत सुनकर दंग रह जाएंगे, यूपी के इस जिले का मामला

 Published : May 19, 2026 08:12 am IST,  Updated : May 19, 2026 12:15 pm IST

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में फिल्मी ड्रामा देखने को मिला। एक्सीडेंट कर भाग रहे ड्राइवर ने रेलवे ट्रैक पर ट्रक को 2 किलोमीटर तक दौड़ा दिया। ड्राइवर की इस करतूत के कारण ट्रेनों की रफ्तार 4 घंटे तक थमी रही।

UP Pratapgarh truck on railway track- India TV Hindi
ड्राइवर ने रेलवे की पटरी पर दौड़ा दी ट्रक। Image Source : REPORTER

प्रतापगढ़।उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में सोमवार सुबह एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया, जिसे देखकर लोग दंग रह गए। नीमा गोपालपुर हाल्ट के पास पकड़े जाने के डर से एक सिरफिरे ट्रक चालक ने अपनी भारी-भरकम गाड़ी को सीधे रेलवे ट्रैक पर ही दौड़ा दिया। कोइरीपुर की तरफ करीब दो किलोमीटर तक पटरियों पर मौत का वाहन दौड़ता रहा, जिससे एक बड़ा रेल हादसा होते-होते बचा। इस हाईवोल्टेज ड्रामे के कारण रूट पर करीब 4 घंटे तक रेल यातायात पूरी तरह ठप रहा।

पटरियों को बना दिया हाईवे

जानकारी के अनुसार, दिल्ली नंबर का एक ट्रक ढकवा-पट्टी मार्ग पर बेहद तेज रफ्तार में भाग रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ लोग उस ट्रक का पीछा कर रहे थे, जिससे आशंका जताई जा रही है कि चालक कहीं कोई बड़ी दुर्घटना करके भाग रहा था। जैसे ही ट्रक नीमा गोपालपुर हाल्ट के पास पहुंचा, वहां रेलवे फाटक बंद था और आगे दो-तीन बड़े वाहन खड़े थे। सुबह करीब 6:45 बजे जब चालक ने देखा कि भागने का कोई रास्ता नहीं बचा है, तो उसने आव देखा न ताव, ट्रक को सड़क से उतारकर सीधे रेलवे ट्रैक पर चढ़ा दिया।

2 किलोमीटर बाद गिट्टियों में फंसा ट्रक

सनकी ड्राइवर लोहे की पटरियों के बीच करीब दो किलोमीटर तक ट्रक को अंधाधुंध भगाता रहा। लेकिन आगे जाकर रेलवे ट्रैक की गिट्टियों में ट्रक के पहिए बुरी तरह धंस गए और गाड़ी वहीं रुक गई। पीछे भाग रहे लोग जब तक मौके पर पहुंचते, चालक ट्रक को ट्रैक पर ही लावारिस छोड़कर रफूचक्कर हो चुका था।

4 घंटे तक बाधित रहा रूट

रेलवे ट्रैक पर ट्रक फंसा देख नीमा गोपालपुर हाल्ट के गेटमैन विजेंद्र कुमार पटेल ने तुरंत इसकी सूचना कोइरीपुर रेलवे स्टेशन मास्टर को दी। रेलवे महकमे में हड़कंप मचते ही सीनियर सेक्शन इंजीनियर को मौके पर रवाना किया गया। आनन-फानन में जेसीबी मशीन बुलाई गई और ट्रैक से ट्रक को खींचकर हटाया गया। इस पूरे घटनाक्रम की वजह से इस रूट से गुजरने वाली करीब तीन ट्रेनों को जहां-तहां रोकना पड़ा और रेल यातायात 4 घंटे की देरी से बहाल हो सका।

कोइरीपुर रेलवे स्टेशन मास्टर रोहित यादव ने बताया कि दिल्ली नंबर के इस ट्रक को ट्रैक से हटाकर जीआरपी सेंटर सुल्तानपुर भेज दिया गया है। पुलिस और रेलवे प्रशासन अब केस दर्ज कर ट्रक नंबर के आधार पर मालिक से संपर्क साधने और फरार आरोपी ड्राइवर को दबोचने की कोशिश में जुट गया है। (रिपोर्ट: बृजेश मिश्र)

ये भी पढ़ें- कानपुर में बस में 53 सेकेंड में हो गया खेल: पिता के लिए अंगूठी खरीदने की बात कहकर युवक उड़ा ले गया लाखों का सोना, Video

बीजेपी विधायक ने बिना हेलमेट पहन कर चलाई बुलेट, फिर पुलिस को फोन कर कहा- अब काटो मेरा चालान

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।