1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. GST डिप्टी कमिश्नर अनुपमा सरोज का VRS मंजूर, यूपी विधानसभा चुनाव लड़ने की अटकलें

GST डिप्टी कमिश्नर अनुपमा सरोज का VRS मंजूर, यूपी विधानसभा चुनाव लड़ने की अटकलें

GST डिप्टी कमिश्नर अनुपमा सरोज के स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) आवेदन को मंजूरी मिल गई। सरकारी सेवा छोड़ने के उनके फैसले के बाद उनके सक्रिय राजनीति में आने की अटकलें तेज हो गई हैं।

अनुपमा सरोज- India TV Hindi
Image Source : REPORTER अनुपमा सरोज की फाइल फोटो

लखनऊः पीसीएस अधिकारी अनुपमा सरोज का इस्तीफा सरकार ने मंजूर कर लिया है। अनुपमा ने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) के लिए आवेदन किया था, जिसे सरकार ने स्वीकार कर लिया है। अनुपमा सरोज ने सोशल मीडिया पर एक संदेश साझा किया है, जिसमें उन्होंने एक नए संकल्प के साथ एक नई यात्रा की शुरुआत करने का संकेत दिया है।

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि अनुपमा सरोज सीतापुर जिले की सिधौली विधानसभा सीट (आरक्षित/SC) से समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ सकती हैं। हालांकि, उन्होंने अभी तक आधिकारिक तौर पर अपनी उम्मीदवारी की घोषणा नहीं की है और न ही किसी राजनीतिक दल में शामिल होने की पुष्टि की है। 

राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखती हैं अनुपमा

अनुपमा सरोज राजनीतिक परिवार से जुड़ी हैं। उनकी मां सुशीला सरोज समाजवादी पार्टी की पूर्व सांसद हैं, जिन्होंने 2004 में मोहनलालगंज लोकसभा सीट से जीत हासिल की थी। वह मुलायम सिंह यादव की सरकार में मंत्री भी रह चुकी हैं। अनुपमा सरोज के पति अनुराग भदौरिया समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता हैं और पहले भी विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं।

Image Source : reporterअनुपमा सरोज का स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति

सिधौली विधानसभा सीट चर्चा में क्यों है?

सीतापुर जिले की सिधौली विधानसभा सीट अनुसूचित जाति (SC) के उम्मीदवारों के लिए आरक्षित है। राजनीतिक चर्चाओं के अनुसार, अनुपमा सरोज इस सीट से चुनावी मैदान में उतर सकती हैं। माना जा रहा है कि 2027 के चुनावों से पहले राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से यह सीट काफी अहम बनी रहेगी। हालांकि, समाजवादी पार्टी ने अभी तक आधिकारिक तौर पर उन्हें अपना उम्मीदवार घोषित नहीं किया है। इसलिए, उनके चुनाव लड़ने की बात अभी केवल एक अटकलें ही हैं।

दिव्या मित्तल ने भी ले लिया था VRS

इससे पहले आईएएस अधिकारी रहीं दिव्या मित्तल ने भी स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) ले लिया था। इस्तीफा देने के बाद दिव्या मित्तल ने अपनी राजनीतिक पार्टी बना ली है और यूपी चुनाव लड़ने का ऐलान कर चुकी हैं। अनुपमा सरोज के अगले कदम पर सबकी नजरें टिकी होंगी। यह देखना बाकी है कि क्या वह आधिकारिक तौर पर समाजवादी पार्टी में शामिल होती हैं और सिधौली से चुनाव लड़ती हैं या नहीं। फिलहाल उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले सरकारी अधिकारियों के इस्तीफे और उनके राजनीति में आने की संभावना चर्चा का विषय बन गई है।

ये भी पढ़ेंः IAS से इस्तीफा देने वाली दिव्या मित्तल ने बनाई नई पार्टी, 2027 में यूपी विधानसभा चुनाव लड़ने का किया ऐलान

अंडरवर्ल्ड डॉन बबलू श्रीवास्तव CBI कोर्ट से 20 साल पुराने अपहरण केस में बरी, आरोप साबित नहीं कर पाया अभियोजन पक्ष