A
Hindi News उत्तर प्रदेश Video: 'किसके बेटे को ज्यादा दहेज मिला', इस बात पर हो गई बहस, जमकर चले लाठी-डंडे

Video: 'किसके बेटे को ज्यादा दहेज मिला', इस बात पर हो गई बहस, जमकर चले लाठी-डंडे

वीडियो में देखा जा सकता है कि दो गुट के लोग आपस में लड़ रहे हैं। इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। इस घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल भी हो गया। उसके सिर में चोट लगने से काफी खून बह गया।

Jhansi- India TV Hindi Image Source : REPORTER INPUT झांसी में दो पक्षों में विवाद

उत्तर प्रदेश के झांसी में दो परिवार के लोग सिर्फ इस बात पर भिड़ गए कि किसके बेटे को ज्यादा दहेज मिला है। लड़ाई हिंसक हो गई और परिवार की महिलाएं, बच्चे भी इसमें शामिल हो गए। अंत में एक युवक का सिर फूट गया तब जाकर लड़ाई रुकी। घटना झांसी की शहर कोतवाली क्षेत्र के मुकरियाना मोहल्ले की है। यहां दो पक्षों के बीच हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि मामूली कहासुनी के बाद शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।

जानकारी अनुसार एक ही समुदाय के लोगों में इस बात को लेकर बहस छिड़ गयी कि तुम्हारे बेटे की शादी में कम दहेज मिला है और मेरे बेटे की शादी में बहुत दहेज मिला है। इस बहस ने उग्र रूप ले लिया और आपस में हाथापाई के साथ लाठी-डंडे और पत्थरों से मारपीट होने लगी।

12 दिन पुराना है वीडियो

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों व पत्थरों से एक-दूसरे पर हमला कर दिया। मारपीट में महिलाएं भी शामिल रहीं। अचानक हुई इस घटना से गली में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग घरों में दुबक गए। बताया जा रहा है कि इस झगड़े में कई लोग घायल हुए थे। हालांकि उस समय मामले को लेकर दोनों पक्षों में समझौते की भी चर्चा रही। वायरल हो रहा वीडियो करीब 12 दिन पुराना बताया जा रहा है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पुलिस ने 7 लोगों के खिलाफ की थी कार्रवाई

पुलिस के अनुसार घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया गया था। मामले में दोनों पक्षों के कुल सात लोगों के खिलाफ शांति भंग की आशंका में धारा 151 के तहत कार्रवाई की गई थी। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है। 

(झांसी से आकाश राठौर की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

भ्रष्टाचार की एक और नई कहानी! टेस्टिंग के अगले दिन फटी जल जीवन मिशन की टंकी, गिरने लगा पानी

Video: छेड़छाड़ का विरोध करने पर बाप-बेटे ने नाबालिग लड़की को घर से बाहर लाकर पटका, ईंट से सिर फोड़ने की कोशिश की