कानपुर शहर के गुजैनी थाना क्षेत्र में दबंग पिता पुत्र की हरकत ने कानपुर पुलिस के साथ-साथ महिला सुरक्षा के दावों को सीधी चुनौती दी है। आरोप है कि एक 16 वर्षीय किशोरी के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ करने वाले युवक और उसके पिता ने विरोध करने पर उसे घर से घसीटकर सड़क पर पटक दिया और ईंट से हमला कर दिया। पूरी घटना पड़ोस के एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिससे आरोपी पिता-पुत्र की दबंगई और क्रूरता साफ नजर आ रही है। यह घटना 13 फरवरी को दोपहर के समय की बताई जा रही, लेकिन घटना का सीसीटीवी अब सामने आया है, जिसके बाद पीड़िता की मां ने गुजैनी थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
इस मामले में पीड़िता की मां ने बताया कि उनका पति ट्रक ड्राइवर है और ज्यादातर समय घर से बाहर रहता है। घर के पास ही रहने वाला एक युवक (शोहदा) लगातार उनकी बेटी पर अभद्र टिप्पणियां करता था और छेड़छाड़ की कोशिश करता रहता था। मां ने पहले ही इसकी शिकायत आरोपी युवक के पिता से की थी, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ।
13 फरवरी को दोपहर में मां छत पर काम कर रही थीं। इसी दौरान आरोपी युवक उनके घर में घुस आया और किशोरी के साथ गलत हरकत करने लगा। जब किशोरी ने विरोध किया और शोर मचाया, तो आरोपी युवक का पिता भी घर में घुस आया। उसने किशोरी को गालियां दीं और दोनों मिलकर उसे जबरदस्ती घर से बाहर घसीटने लगे। दबंग पिता पुत्र ने किशोरी को सड़क पर लाकर जमीन पर पटक दिया। गुस्से में आकर आरोपी पिता ने सड़क पर पड़ी इंटरलॉकिंग ईंट उठाई और किशोरी पर हमला कर दिया। इससे किशोरी के पैर में गंभीर चोट आई। शोर-शराबा सुनकर पीड़िता की मां और आसपास के पड़ोसी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी पिता-पुत्र फरार हो गए। घटना का 21 सेकंड का एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें पूरी वारदात साफ दिखाई दे रही है।
पीड़िता की मां ने बताया कि यह पहली बार नहीं था जब आरोपी युवक ने ऐसी हरकत की थी, लेकिन इस बार उसने सीमा पार कर दी। परिवार पहले से ही परेशान था, क्योंकि पिता के बाहर रहने के कारण सुरक्षा का अभाव था। पड़ोसियों ने भी इस घटना की पुष्टि की और बताया कि आरोपी परिवार पहले से ही विवादास्पद रहा है।
गुजैनी थाना प्रभारी ने बताया कि उन्हें इसकी जानकारी अभी तक नहीं मिली है, क्योंकि उनकी ड्यूटी महाशिवरात्रि होने की वजह से आनंदेश्वर मंदिर में लगी थी। उन्होंने कहा कि तहरीर मिलते ही मामले की जांच की जाएगी और आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को जब्त कर लिया है, जो जांच में महत्वपूर्ण सबूत साबित होगा। हालांकि, बाद में पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर घटना की जांच शुरू कर दी है।
(कानपुर से अनुराग श्रीवास्तव की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
यूपी से अनोखा मामला, किडनैप होने के 65 साल बाद अपने घर वापस लौटी महिला, 80 साल है उम्र, हर कोई हैरान
संपादक की पसंद