कानपुर: सचेंडी-बिधनू क्षेत्र के धीरपुर गांव में मंगलवार सुबह एक बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। 57 वर्षीय रामआसरे का शव गांव से करीब 300 मीटर दूर स्थित काली मां के स्थान पर मिला। परिजनों का कहना है कि 14 सितंबर को कुत्ते के काटने के बाद से उनकी मानसिक हालत लगातार बिगड़ रही थी। वह पिछले कई दिनों से काली मां के स्थान पर जाकर बलि देने की बात कह रहे थे।
रामआसरे मूल रूप से बिधनू क्षेत्र के तरगांव (पतारा) के रहने वाले थे। वह करीब 20 वर्षों से धीरपुर गांव में अपने बहनोई मुन्नीलाल के खेत के पास ट्यूबवेल के पास बनी झोपड़ी में रहते थे। उनकी शादी नहीं हुई थी। बहन सुखरानी और बहनोई के घर पर ही उनका खाना-पीना होता था।
बार-बार बलि देने की बात करते थे रामआसरे
भांजे शैलेश कुमार के मुताबिक, 14 सितंबर को गांव में घूम रहे कुत्ते ने रामआसरे को काट लिया था। उन्हें सीएचसी ले जाकर रेबीज का इंजेक्शन लगवाया गया और घाव का उपचार कराया गया। इसके बाद उनके व्यवहार में बदलाव आने लगा। परिजनों के अनुसार, वह बार-बार काली मां के स्थान पर बलि देने की बात करते थे।
तबीयत बिगड़ी तो अस्पताल ले गए
26 सितंबर को रामआसरे की तबीयत अचानक ज्यादा खराब हुई। परिजन उन्हें सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उन्हें वापस घर ले आए। 28 सितंबर को हालत बिगड़ने पर उन्हें हैलट ले जाया गया। डॉक्टरों ने हालत गंभीर बताई, जिसके बाद परिजन उन्हें घर वापस ले आए।
सुबह झोपड़ी से निकले, काली मां के स्थान पर मिली मौत
मंगलवार भोर करीब पांच बजे रामआसरे झोपड़ी से निकल गए। कुछ देर बाद परिजनों को काली मां के स्थान पर उनकी मौत की जानकारी मिली। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस बोली- जांच के बाद स्थिति होगी स्पष्ट
बिधनू थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने बताया कि परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ में कुत्ते के काटने के बाद रामआसरे की मानसिक स्थिति बिगड़ने की बात सामने आई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कुछ महीनों पहले भी कानपुर में 'खूनी' पालतू कुत्ते का आतंक देखने को मिला था। पहले कुत्ते ने युवक की दादी को मौत के घाट उतारा और फिर मां को भी काटकर लहूलुहान कर दिया।
(रिपोर्ट- अनुराग श्रीवास्तव)
यह भी पढ़ें-
मां मंदिर में पूजा की तैयारी करती रही, बाहर 12 साल के मन्नू को 4 आवारा कुत्तों ने बुरी तरह नोंचा, चली गई जान
सोसाइटी के अंदर 6 साल की बच्ची पर आवारा कुत्तों का हमला, 3 स्ट्रीट डॉग्स ने घेरकर नोचा, CCTV में कैद हुई घटना