A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. होटल में गर्लफ्रेंड के साथ एक दिन और रुकने की जिद, फिर हुई बहस और प्रेमी ने लगा ली फांसी; NCC कैंप में आए थे दोनों

होटल में गर्लफ्रेंड के साथ एक दिन और रुकने की जिद, फिर हुई बहस और प्रेमी ने लगा ली फांसी; NCC कैंप में आए थे दोनों

युवती कानपुर देहात की रहने वाली हैं और एक कॉलेज से बीएससी कर रही हैं। तीन वर्षों से एनसीसी कैडेट रहीं युवती की मुलाकात मयंक से दो वर्ष पहले कैंप में हुई थी। दोनों ने फोन नंबर आदान-प्रदान किए, जिसके बाद 6 महीने से प्रेम संबंध थे।

होटल के कमरे में...- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT होटल के कमरे में नाबालिग प्रेमी ने लगाई फांसी।

कानपुर के हरबंश मोहाल थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में मंगलवार को बीएससी फर्स्ट ईयर के छात्र मयंक (17, नाम परिवर्तित) ने आत्महत्या कर ली। जानकारी के अनुसार मूल रूप से फर्रुखाबाद के कायमगंज निवासी मयंक एनसीसी कैडेट था और शहर में आयोजित कैंप में भाग लेने आया था। उसकी गर्लफ्रेंड के अनुसार, कमरे में रुकने को लेकर विवाद के बाद वह बाथरूम गईं, जहां से लौटने पर मयंक को पंखे से दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटका पाया। युवती ने चीखते हुए होटल स्टाफ को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस ने शव को अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

2 साल पहले हुई थी मयंक से मुलाकात

पुलिस पूछताछ में युवती ने बताया कि वह कानपुर देहात की रहने वाली हैं और एक कॉलेज से बीएससी कर रही हैं। तीन वर्षों से एनसीसी कैडेट रहीं युवती की मुलाकात मयंक से दो वर्ष पहले कैंप में हुई थी। दोनों ने फोन नंबर आदान-प्रदान किए, जिसके बाद 6 महीने से प्रेम संबंध थे।

युवती बाथरूम में थी, बाहर निकली तो फंदे पर झूलता नजर आया प्रेमी 

सोमवार को एनसीसी कैंप समाप्त होने के बाद दोनों दोपहर करीब 12:50 बजे हरबंश मोहाल स्थित होटल ड्रीम इन पहुंचे। आईडी कार्ड जमा कर 800 रुपये में फर्स्ट फ्लोर पर कमरा संख्या 101 अलॉट किया गया। युवती के अनुसार, मयंक ने एक दिन और रुकने का आग्रह किया, जिसे उसने अस्वीकार कर दिया। इस पर दोनों में बहस हुई, जिसके बाद युवती नहाने चली गईं। बाहर निकलते ही उन्होंने मयंक को फंदे पर लटकते देखा और चीखते हुए रिसेप्शन पहुंचकर स्टाफ को सूचित किया। सुबह 11:30 बजे होटल कर्मचारी कमरे में पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।

मयंक के पिता ने क्या बताया?

मयंक के पिता, जो पेशे से एक किसान हैं, ने बताया कि उनके तीन पुत्र हैं और मयंक मध्य पुत्र था। 10 दिन पहले मयंक एनसीसी कैंप के लिए कानपुर आया था। सोमवार को कैंप का अंतिम दिन था और उसने फोन पर मंगलवार को घर लौटने की बात कही थी। मंगलवार दोपहर सूचना मिली कि मयंक ने आत्महत्या कर ली है।

परिजनों ने प्रेमिका पर लगाया हत्या का आरोप

मयंक के बड़े भाई ने खुलासा किया कि 24 अक्टूबर को कैंप जाने की बात कहकर मयंक कानपुर आया था। 2 नवंबर को मयंक ने फोन कर पैसे मांगे, जिस पर खाते में 4,000 रुपये ट्रांसफर किए गए। पोस्टमार्टम हाउस में परिजनों ने युवती पर हत्या का आरोप लगाते हुए हरबंश मोहाल पुलिस को तहरीर सौंपी। परिजनों का कहना है कि आत्महत्या के कारणों की उन्हें कोई जानकारी नहीं है।

इस पूरे मामले में कलक्टरगंज एसीपी आशुतोष कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है । होटल संचालक के खिलाफ नाबालिगों को कमरा उपलब्ध कराने पर एफआईआर दर्ज की जाएगी। साथ ही परिजनों की तहरीर पर मामले की गहन जांच के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।

(रिपोर्ट- अनुराग श्रीवास्तव)

यह भी पढ़ें-

लिव-इन में रह रहे कपल ने चौथे फ्लोर से लगाई छलांग, तेज आवाज सुन अपार्टमेंट के लोग पहुंचे... नजारा देख उड़े होश

लड़की ने दोस्ती करने से किया इंकार, तो युवक ने दिनदहाड़े मारी गोली; हुआ फरार