1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. फिल्मी स्टाइल में अपहरण, कार में सुंघाया नशा, फिर होटल में बंधक बनाकर हड़प ली 150 करोड़ की संपत्ति

फिल्मी स्टाइल में अपहरण, कार में सुंघाया नशा, फिर होटल में बंधक बनाकर हड़प ली 150 करोड़ की संपत्ति

कानपुर में सिंघानिया परिवार की करीब 150 करोड़ रुपये की संपत्तियों को कथित तौर पर हड़पने का मामला सामने आया है। परिवार के वारिस प्रणवपत सिंघानिया ने आरोप लगाया कि उन्हें अगवा कर नशीला पदार्थ दिया गया और बंधक बनाकर जमीनों के दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए गए।

Kanpur- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT फिल्मी स्टाइल में अपहरण

सिंघानिया परिवार की करीब 150 करोड़ रुपये की संपत्तियों के कथित कब्जे का मामला सामने आया है। परिवार के वारिस प्रणवपत सिंघानिया ने चार लोगों पर अपहरण, बंधक बनाने, मारपीट करने और नशीले पदार्थ देकर जमीनों के एग्रीमेंट कराने के आरोप लगाए हैं। शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने दोस्ती का फायदा उठाकर पहले उनकी संपत्तियों की जानकारी जुटाई, फिर उन्हें अगवा कर अलग-अलग जगहों पर रखा और इसी दौरान दस्तावेज तैयार कराए। स्वरूप नगर थाने में चार नामजद और 10 से 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने सुयश अस्थाना, श्रीराम उर्फ रमित मिश्रा और बृजेन्द्र नाथ मिश्रा उर्फ बेबी बिल्डर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। साथ ही शहर के नामी बिल्डरों में शुमार अनूप अस्थाना समेत अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।

दोस्ती के बाद अपहरण करने का आरोप

प्रणवपत के मुताबिक, वर्ष 2020 से उनकी दोस्ती प्रॉपर्टी डीलर अनूप अस्थाना के बेटे सुयश अस्थाना से थी। आरोप है कि सुयश ने इसी दौरान उनके परिवार की संपत्तियों की जानकारी जुटाई और जमीनों के अच्छे दाम दिलाने की बात कही। हालांकि, प्रणवपत ने प्रस्ताव स्वीकार नहीं किया। शिकायत के अनुसार, मई 2024 में बेनाझाबर इलाके में सुयश ने उन्हें खाने-पीने के लिए बुलाया। वहां अनूप अस्थाना कार लेकर पहुंचे, जिसमें प्रणवपत बैठ गए। आरोप है कि कार में मौजूद श्रीराम उर्फ रमित मिश्रा ने उन्हें धमकाया और नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया।

बंधक बनाकर दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराने का दावा

प्रणवपत का आरोप है कि होश आने पर उन्होंने खुद को अनूप अस्थाना के कार्यालय में पाया, जहां उनके साथ मारपीट की गई और संपत्ति हस्तांतरित करने का दबाव बनाया गया। उन्होंने दावा किया कि नशीले पदार्थों की ओवरडोज देकर उनसे सादे कागजों पर हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान लिए गए, जिनके आधार पर जमीनों के एग्रीमेंट कराए गए। शिकायत में उन्हें रॉयल क्लिफ और रिजेंटा होटल में रखने का भी आरोप लगाया गया है।

जांच के घेरे में दो जमीनों के सौदे

पुलिस के मुताबिक, पहली संपत्ति दर्शनपुरवा स्थित कमला क्लब की करीब 3,500 वर्गमीटर जमीन है, जिसकी कीमत लगभग 50 करोड़ रुपये बताई गई है। दूसरी संपत्ति कोपरगंज में हमराज कॉम्प्लेक्स के पास है, जिसकी कीमत 100 करोड़ रुपये से अधिक होने का दावा है। प्रणवपत के अनुसार, 6 करोड़ रुपये देने का वादा किया गया था, लेकिन खाते में आए 2.45 करोड़ रुपये में से 2.40 करोड़ रुपये वापस दूसरे खातों में चले गए। पुलिस ने सुयश अस्थाना, श्रीराम उर्फ रमित मिश्रा और बृजेन्द्र नाथ मिश्रा उर्फ बेबी बिल्डर को गिरफ्तार किया है। अनूप अस्थाना समेत अन्य लोगों की भूमिका की जांच जारी है।

(कानपुर से अनुराग श्रीवास्तव की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें:

प्रेमी से शादी करने पर भाई ने बहन को मारा, पुलिस ने कब्रिस्तान से निकाला शव, आरोपी गिरफ्तार

लखनऊ में कार खड़ी करने को लेकर दिनदहाड़े ट्रिपल मर्डर, अंधाधुंध फायरिंग में 3 की मौत, आरोपी को पुलिस ने पकड़ा