1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. बरेली में 17 साल के किशोर का अपहरण, मांगी थी 5 लाख की फिरौती; 24 घंटे में झांसी से सकुशल बरामद

बरेली में 17 साल के किशोर का अपहरण, मांगी थी 5 लाख की फिरौती; 24 घंटे में झांसी से सकुशल बरामद

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Oct 01, 2026 11:50 pm IST,  Updated : Oct 01, 2026 11:50 pm IST

बरेली के नवाबगंज थाना क्षेत्र में 17 साल के किशोर के अपहरण और पांच लाख रुपये की फिरौती मांगने के मामले का पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा कर दिया।

Bareily- India TV Hindi
बरेली में 17 साल के किशोर का अपहरण Image Source : REPORTER INPUT

बरेली में 17 साल के किशोर के अपहरण और पांच लाख रुपये की फिरौती मांगने के मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर पूरा मामला सुलझा लिया। अपहरण के बाद किशोर को बरेली से काफी दूर झांसी ले जाया गया था। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से उसका पता लगाया और झांसी में घेराबंदी कर उसे सकुशल बरामद कर लिया। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है।

मामला नवाबगंज थाना क्षेत्र के गुलशन नगर का है। 30 सितंबर को रीना कुमारी ने पुलिस को सूचना दी थी कि उनका 17 साल का बेटा देवेंद्र लापता है और उसका अपहरण कर लिया गया है। परिजनों के मुताबिक, देवेंद्र के मोबाइल नंबर से उसके पिता सुभाष के फोन पर लगातार कॉल आ रही थीं। कॉल करने वाले बेटे को छोड़ने के बदले पांच लाख रुपये की मांग कर रहे थे। रकम नहीं देने पर किशोर को जान से मारने की धमकी भी दी गई।

मोबाइल फोन से लोकेशन का पता चला

फिरौती की मांग के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। नवाबगंज थाना पुलिस के साथ सर्विलांस सेल और SOG की संयुक्त टीम को लगाया गया। पुलिस ने किशोर के मोबाइल फोन से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों और उसकी लोकेशन को खंगालना शुरू किया। जांच के दौरान मोबाइल की लोकेशन झांसी जिले के गुरसराय थाना क्षेत्र में मिली।

लोकेशन सामने आने के बाद बरेली पुलिस ने झांसी पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद दोनों जिलों की पुलिस ने मिलकर संदिग्ध स्थानों पर निगरानी और घेराबंदी शुरू की। इसी दौरान लोहिया पुलआडी सड़क क्षेत्र के आमली मार्ग पर एक संदिग्ध वाहन पुलिस के रडार पर आया। पुलिस टीम ने वाहन को घेरकर तलाशी ली तो उसके अंदर अपहृत किशोर देवेंद्र मौजूद मिला।

5 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई

पुलिस ने देवेंद्र को सुरक्षित बाहर निकाला और मौके से दो आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि देवेंद्र सिम बेचने का काम करता था। इसी सिलसिले में सिम खरीदने के बहाने उससे संपर्क किया गया और बाद में उसका अपहरण कर लिया गया। इसके बाद उसी के मोबाइल फोन से उसके परिवार को कॉल कर 5 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अपहरण में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद की है। वाहन का नंबर UP 93 BL 7277 बताया गया है। इसके अलावा एक मोबाइल फोन भी पुलिस के हाथ लगा है। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई और उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

(रिपोर्ट: विकास साहनी)

 

यह भी पढ़ें:

शाहजहांपुर में 2 साधुओं का मर्डर! शिव मंदिर में जलाई जा रही थीं लाशें, धुआं उठता देख दौड़े गांव वाले

कसाई ने महिला की गला रेतकर की हत्या, शव को टुकड़ों में काटकर नहर में फेंका; टैटू से हुई पहचान

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।