उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के निगोहां थाना क्षेत्र से EMI वसूली के नाम पर बर्बर रवैया अपनाने का एक मामला सामने आया है। मोबाइल की किस्त न चुका पाने पर रिकवरी एजेंटों ने एक मजदूर का अपहरण कर लिया, उसे 5 दिनों तक बंधक बनाकर रखा। इस दौरान उसे पीटा और जबरन काम करवाया। हद तो तब हो गई जब उसके शरीर से एक यूनिट खून भी जबरन निकलवा लिया।
पूरा मामला क्या है?
दरअसल, निगोहां क्षेत्र के रहने वाले एक मजदूर ने मोबाइल फोन खरीदा था, जिसकी किस्त समय पर नहीं दी जा सकी। आरोप है कि रिकवरी एजेंट उसे उठाकर किसी जगह पर ले गए और 5 दिनों तक बंधक बनाए रखा। बंधक बनाकर पीटने के साथ ही उससे जबरन काम कराया गया और शरीर से एक यूनिट खून निकाल लिया गया। एजेंटों ने परिवार को फोन पर धमकाया और दबाव बनाकर 2,799 अपने खाते में ट्रांसफर करवाए।
परिवार के गुहार लगाने और पुलिस से शिकायत की भनक लगने पर 5वें दिन आरोपी युवक को रैपिडो कैब के जरिए घर भेज गए। पीड़ित मां और भाई जब न्याय की गुहार लगाने निगोहां थाने पहुंचे, तो पुलिस कार्रवाई करने के बजाय उन्हें टरकाती रही।
जब स्थानीय पुलिस से न्याय नहीं मिला, तो पीड़ित परिवार ने डीसीपी का दरवाजा खटखटाया। डीसीपी के सख्त निर्देश के बाद निगोहां पुलिस हरकत में आई और संबंधित आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
परिवार को बंधक बनाकर लाखों की डकैती
एक अन्य खबर में, यूपी के गाजियाबाद के भोजपुर थाना क्षेत्र के कलछीना गांव में सोमवार देर रात छह से आठ हथियारबंद बदमाशों ने एक परिवार को करीब डेढ़ घंटे तक बंधक बनाकर लाखों रुपये के आभूषण और नकदी लूट ली। पीड़ित सद्दाम के मुताबिक, रात करीब दो बजे कूलर के रास्ते कमरे में धुआं छोड़ा गया, जिससे परिवार की नींद खुली और दरवाजा खोलते ही बदमाशों ने उन्हें दबोच लिया।
आरोप है कि बदमाशों ने बच्चों को जान से मारने की धमकी देकर परिवार को एक जगह बैठाया और सद्दाम के हाथ-पैर दुपट्टे से बांध दिए। दो बदमाश तमंचे ताने खड़े रहे, जबकि अन्य ने पूरे घर को खंगाला और सद्दाम की पत्नी के आभूषण उतरवाने के साथ अलमारी में रखी नकदी व कीमती सामान लूट लिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें-
चर्चित IAS दिव्या मित्तल का इस्तीफा मंजूर, लिखा- "बढ़े चलो, बढ़े चलो'; 17 साल की नौकरी थी बाकी
नंदीग्राम उपचुनाव में BJP का बड़ा दांव, CM शुभेंदु अधिकारी के दिवंगत PA की मां को टिकट; रेजीनगर से किसे बनाया उम्मीदवार?