1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. गाजियाबाद में परिवार को बंधक बनाकर लाखों की डकैती, रात 2 बजे घर में घुसे बदमाश, डेढ़ घंटे तक की लूटपाट

गाजियाबाद में परिवार को बंधक बनाकर लाखों की डकैती, रात 2 बजे घर में घुसे बदमाश, डेढ़ घंटे तक की लूटपाट

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Sep 15, 2026 01:46 pm IST,  Updated : Sep 15, 2026 02:47 pm IST

गाजियाबाद के भोजपुर थाना क्षेत्र के कलछीना गांव में सोमवार रात छह से आठ बदमाशों ने डकैती डालने का काम किया। इससे पूरे इलाके लोग डर के माहौल में हैं। पुलिस को घटना की सूचना दी गई है।

Items scattered around the house after the incident- India TV Hindi
घटना के बाद घर में बिखरा पड़ा सामान Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में सोमवार रात बदमाशों से एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। परिवार को बंधक बनाकर करीब डेढ़ घंटे तक लूटपाट की और उसके बाद वहां से फरार हो गए। इस पूरी घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि कुल छह से आठ बदमाशों ने इस पूरी घटना को अंजाम देने का काम किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

लाखों रुपये के आभूषण और नकदी लूटी

भोजपुर थाना क्षेत्र के कलछीना गांव में बदमाशों ने सोमवार रात हथियारों के बल पर एक परिवार को बंधक बनाकर लाखों रुपये के आभूषण और नकदी लूट ली। घटना के बाद से पीड़ित परिवार गहरे सदमे और दहशत में है।

कूलर से धुआं छोड़कर रची साजिश

ग्राम कलछीना निवासी पीड़ित सद्दाम (पुत्र रियासत) की ओर से भोजपुर थाना प्रभारी को दी गई लिखित शिकायत के अनुसार, सोमवार रात वह अपने परिवार के साथ घर पर सो रहे थे। रात करीब दो बजे उन्हें अचानक घुटन महसूस हुई। जागने पर उन्होंने देखा कि कूलर के रास्ते कमरे के अंदर धुआं भरा जा रहा था। घबराकर जैसे ही उनकी पत्नी अफरोज ने कमरे का दरवाजा खोला, बाहर घात लगाए बैठे छह से आठ बदमाशों ने उन्हें दबोच लिया और जबरन कमरे में घुस गए।

बच्चों को मारने की धमकी देकर बनाया बंधक

शिकायतकर्ता सद्दाम उस वक्त दूसरे कमरे में थे। बदमाशों ने उनके बच्चों को जान से मारने की धमकी दी और उन्हें बाहर निकाल लिया। इसके बाद बदमाशों ने दुपट्टे से सद्दाम के हाथ-पैर बांध दिए और पूरे परिवार को एक कोने में बैठा दिया। परिवार को डराने के लिए दो बदमाश हाथों में तमंचा लेकर उन पर ताने रहे, जबकि बाकी बदमाशों ने पूरे घर को खंगालना शुरू कर दिया। पीड़ित के अनुसार, घर के मुख्य दरवाजे पर भी कुछ बदमाश मौजूद थे, जिससे अंदेशा है कि यह किसी बड़े गिरोह की सुनियोजित वारदात थी।

पुलिस कर रही है मामले की जांच

यह खौफनाक मंजर करीब डेढ़ घंटे तक चलता रहा। इस दौरान बदमाशों ने घर का कोना-कोना छान मारा। उन्होंने अफरोज (पीड़ित की पत्नी) के पहने हुए आभूषण उतरवा लिए, सद्दाम की जेब से पैसे निकाले और सेफ अलमारी में रखा सारा कीमती सामान व नकदी लूट ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है, हालांकि अभी तक कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। 

पुलिस ने क्या कहा

इस मामले को लेकर मोदीनगर के सहायक पुलिस आयुक्त सिद्धार्थ गौतम ने कहा है कि कलछीना थाना भोजपुर क्षेत्र में स्थित एक घर में कुछ अज्ञात व्यक्तियों के घर में घुसकर कुछ सामान ले जाने के संबंध में सूचना प्राप्त हुई थी। थाना भोजपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर इस संबंध में जानकारी ली। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना के खुलासे के लिए पांच टीमों का गठन किया गया है और आसपास के सीसीटीवी इनपुट्स के आधार पर इस घटना का शीघ्र ही खुलासा किया जाएगा। 

 

गाजियाबाद से जुबैर अख्तर की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें 

कानपुर में आवारा घोड़े का आतंक, महिला समेत 3 को काटा

आजमगढ़ में भीषण सड़क हादसा, पेड़ से टकराकर पलटी तेज रफ्तार स्विफ्ट, तीन युवकों की मौत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।