1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. शादी से 12 दिन पहले उठी पिता की अर्थी, मथुरा में बंदरों के हमले में चली गई जान

शादी से 12 दिन पहले उठी पिता की अर्थी, मथुरा में बंदरों के हमले में चली गई जान

मथुरा से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां एक किसान बंदरों से बचने की कोशिश में छत से नीचे गिर गया और अस्पताल में दम तोड़ दिया। 10 मई को मृतक की बेटी की शादी होनी थी।

monkey- India TV Hindi
Image Source : PTI (FILE PHOTO) मथुरा में बंदरों का आंतक।

यूपी के मथुरा में हिंसक बंदरों की बढ़ती संख्या से लोग परेशान है, जो दिन-ब-दिन और भी हिंसक होते जा रहे हैं। लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। ऐसी कई घटनाएं हुई हैं जिनमें बंदरों के काटने से कई लोगों की मौत हो चुकी है। ताजा मामला मथुरा जिले के फरह क्षेत्र का है जहां बंदरों के हमले में घायल 48 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई।

बंदरों से बचते हुए छत से गिरा

पिंगारी गांव का 48 वर्षीय अमर सिंह उर्फ ​​भोलू गत शुक्रवार को अपने घर की छत पर बारिश में भीगे गेहूं सुखा रहा था, तभी बंदरों ने उस पर हमला कर दिया। बंदरों से बचने की कोशिश में सिंह छत से नीचे गिर गया और बेहोश हो गया जिसके बाद परिवार के लोग उसे तुरंत आगरा के एक अस्पताल ले गए।

सिर और पसलियों में आई थीं चोटें

मृतक के भतीजे केदार सिंह ने बताया कि अमर सिंह के सिर और पसलियों में चोटें आई थीं। आगरा के तीन अलग-अलग प्राइवेट अस्पतालों में इलाज के बाद भी जब उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ, तो उन्हें आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। शनिवार और रविवार की दरमियानी रात उन्होंने अंतिम सांस ली।

इस दुखद घटना से पूरे परिवार को गहरा आघात लगा है क्योंकि 10 मई को अमर सिंह की बेटी की शादी होनी थी। फरह थानाध्यक्ष छोटे लाल ने बताया कि पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।  

यह भी पढ़ें-

'बंदर पकड़ो, 600 रुपये पाओ', महाराष्ट्र सरकार का अनोखा फैसला, अब वानरों पर लगेगा ‘प्राइस टैग’