A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कानपुर जेल में सनसनी: जुड़वां बेटियों की हत्‍या करने वाला पिता खून से लथपथ मिला, खाने की प्लेट से काटा अपना गला

कानपुर जेल में सनसनी: जुड़वां बेटियों की हत्‍या करने वाला पिता खून से लथपथ मिला, खाने की प्लेट से काटा अपना गला

अपनी ही 11 वर्षीय जुड़वां बेटियों की बेरहमी से हत्या करने वाले शशि रंजन मिश्रा ने अब जेल में खौफनाक कदम उठाया। उसने अपनी खाने की प्लेट के किनारे को किसी सख्त सतह पर रगड़कर धारदार बना लिया और फिर उसी से खुद पर हमला कर दिया।

shashi ranjan mishra- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT शशि रंजन मिश्रा ने अपनी जुड़वां बेटियों को मार डाला।

कानपुर: 11 साल की अपनी जुड़वां बेटियों की हत्या के आरोप को लेकर कानपुर जिला कारागार में बंद व्यक्ति ने स्टील की एक धारदार प्लेट से अपना गला काटकर सुसाइड करने की कोशिश की। जेल के एक अधिकारी ने बताया कि किदवई नगर निवासी 48 वर्षीय शशि रंजन मिश्रा ने यह कोशिश रविवार को की। मिश्रा को तत्काल उर्सुला हॉर्समैन मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया।

प्लेट के किनारे को रगड़कर धारदार बनाया

यह घटना उस समय हुई जब साथी कैदियों ने उसे बैरक के बाथरूम में खून से लथपथ देखा और इसकी सूचना जेल कर्मचारियों को दी। जेल अधीक्षक राजेश पांडेय ने बताया कि शशि रंजन मिश्रा ने अपनी खाने की प्लेट के किनारे को किसी सख्त सतह पर रगड़कर धारदार बना लिया था और फिर उसी से खुद पर हमला किया। पांडेय ने कहा, "जेल के गार्ड और अधिकारी तुरंत मिश्रा को बाथरूम से बाहर निकालकर इलाज के लिए पहले जेल अस्पताल और बाद में उर्सला अस्पताल ले गए। मिश्रा को गर्दन पर मामूली चोटें आई हैं और अब उसकी हालत स्थिर है। उम्मीद है कि उसे सोमवार शाम तक अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी और उसे वापस जेल ले आया जाएगा।"

कैदी ने अस्पताल में दिए अलग-अलग बयान

एक अधिकारी ने नाम गुप्त रखने की शर्त पर बताया कि अस्पताल में पूछताछ के दौरान शशि रंजन मिश्रा ने विरोधाभासी बयान दिए। शुरुआत में उसने दावा किया कि वह डिप्रेशन से जूझ रहा था और जेल के अंदर उसे कोई इलाज नहीं मिल रहा था। अधिकारी ने बताया कि बाद में, उसने आरोप लगाया कि साथी कैदियों ने उस पर हमला किया था। जेल अधिकारियों ने इस घटना की जांच के आदेश दिए हैं, जिसमें यह भी पता लगाया जाएगा कि कैदी बैरक के अंदर स्टील की प्लेट को धारदार हथियार में बदलने में कैसे कामयाब रहा।

हत्या के बाद खुद पुलिस को किया फोन

बता दें कि मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव शशि रंजन मिश्रा को एक महीने पहले किदवई नगर के त्रिमूर्ति फेज-दो स्थित अपार्टमेंट में अपनी जुड़वां बेटियों रिद्धि और सिद्धि की कथित तौर पर हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने बताया कि शशि रंजन मिश्रा ने 18 और 19 अप्रैल की दरमियानी रात को उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में स्थित अपने फ्लैट में कथित तौर पर एक धारदार हथियार से अपनी 11 साल की जुड़वां बेटियों की गला काटकर हत्या कर दी थी। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या करने के बाद आरोपी पिता ने खुद पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी थी। आरोपी शशि रंजन वही फर्श पर बैठा हुआ था। पुलिस ने उसे मौके से ही गिरफ्तार कर लिया था।

मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव है आरोपी

मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव शशि रंजन के परिवार में उसकी पत्नी रेशमा छेत्री, 11 वर्षीय जुड़वा बेटियां रिद्धी और सिद्धी तथा 6 वर्षीय बेटा गन्नू शामिल हैं। बच्चियां पास के मदर टेरेसा स्कूल में कक्षा 5 में पढ़ती थीं, जबकि छोटा बेटा यूकेजी का छात्र है। यह वारदात नौबस्ता थानाक्षेत्र के किदवई नगर स्थित त्रिमूर्ति अपार्टमेंट में हुआ था जहां मिश्रा अपनी पत्नी रेशमा (पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी की रहने वाली), अपनी जुड़वां बेटियों और 6 साल के बेटे के साथ रहता था। 

यह भी पढ़ें-

'समर्थ पूछता है मेरे पेट में किसका बच्चा', ट्विशा शर्मा की मां के साथ आखिरी चैट, सुसाइड से पहले बयां किया दर्द

मनचले से बचने थाने गई, उल्टा पुलिस ने ही डरा दिया, सदमे में बेहोश होकर गिरी लड़की