1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. बेटी हुई तो पत्नी को जहर देकर मार डाला! कानपुर में पति फरार, परिवार ने लगाया हत्या का आरोप

बेटी हुई तो पत्नी को जहर देकर मार डाला! कानपुर में पति फरार, परिवार ने लगाया हत्या का आरोप

कानपुर में एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई है। महिला के मायके पक्ष ने पति पर ही जहर देकर मारने का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

woman died in Kanpur, her husband has been accused- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT कानपुर में एक महिला की मौत हो गई, उसके पति पर ही आरोप लगा है।

उत्तर प्रदेश के कानपुर के गोविंद नगर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 23 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि बेटी के जन्म के बाद उसका पति लगातार प्रताड़ित करता था और आखिरकार मारपीट करने के बाद उसे जहर देकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

पिछले साल मार्च में हुई थी शादी

मृतका की पहचान बिहार के लहारी तौरिया भगवानपुर निवासी रिंकू उर्फ रंजू कुमारी के रूप में हुई है। उसकी शादी 11 मार्च 2025 को कानपुर के गोपाल नगर निवासी ऑटो चालक पंकज से हुई थी। शादी के बाद दोनों गोविंद नगर में रह रहे थे। परिवार में पति के अलावा उसकी मां और बहन भी साथ रहती हैं।

चार महीने पहले हुई थी बेटी, पति पर व्यवहार बदलने का आरोप

मृतका के भाई विकास ने आरोप लगाया कि करीब चार महीने पहले रंजू ने एक बेटी को जन्म दिया था। इसके बाद से पति का व्यवहार पूरी तरह बदल गया। वह आए दिन बहन के साथ मारपीट करता था और बेटी होने को लेकर ताने देता था। कई बार समझाने के बावजूद उसकी हरकतों में कोई बदलाव नहीं आया।

परिवार में फिर से हुआ विवाद

परिजनों का आरोप है कि मंगलवार को भी रंजू के साथ मारपीट की गई थी। बुधवार शाम फिर विवाद हुआ और पति ने पहले उसके साथ मारपीट की, फिर जबरन जहरीला पदार्थ खिला दिया। इसके बाद आरोपी घर से फरार हो गया। घटना के समय घर में सास और ननद मौजूद थीं, जबकि परिवार का एक अन्य सदस्य काम पर गया हुआ था।

महिला को ले जाया गया अस्पताल, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

देर शाम रंजू की तबीयत बिगड़ने पर उसे हैलट अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर मायके पक्ष कानपुर पहुंचा और अस्पताल के साथ-साथ पोस्टमार्टम हाउस में जमकर विरोध जताया। परिजनों ने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।

पुलिस कर रही है हर पहलू की जांच

गोविंद नगर थाना पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध हालात में मौत का है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मृतका के परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फरार पति की तलाश में भी जुट गई है। मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि जांच के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

कानपुर से अनुराग श्रीवास्तव की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें 

बागपत में गोतस्करों पर पुलिस का एक्शन, 25 हजार का इनामी बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, तमंचा और बाइक बरामद

विंध्याचल धाम में दो पुरोहितों के बीच मारपीट, गर्भगृह से लेकर कॉरिडोर तक जमकर चले लात-घूंसे; Video आया सामने