1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-3 में IGL गैस पाइपलाइन लीक से भीषण आग, इलाके में हड़कंप

ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-3 में IGL गैस पाइपलाइन लीक से भीषण आग, इलाके में हड़कंप

ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-3 इलाके में सोमवार शाम IGL गैस पाइपलाइल होने के बाद भीषण आग लग गई। आग की ऊंची लपटें देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।

नॉलेज पार्क-3 में गैस...- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT नॉलेज पार्क-3 में गैस लीक से भीषण आग।

ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-3 में शारदा यूनिवर्सिटी के पीछे IGL की गैस पाइपलाइन लीक होने से भीषण आग लग गई। आग लगते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और ऊंची लपटें दूर-दूर तक दिखाई देने लगीं। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी। सूचना पर दमकल की गाड़ियां और IGL की टीम मौके पर पहुंची और गैस सप्लाई बंद कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया।

फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। गनीमत रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन इलाके में दहशत का माहौल है।

कैसे हुआ हादसा?

यह घटना शाम करीब 7:30 बजे आईएसएबी स्कूल के पास पुस्ता रोड पर हुई। प्राधिकरण की ओर से चल रही खुदाई के दौरान जमीन के नीचे से गुजर रही आईजीएल की गैस पाइपलाइन टूट गई थी, जिससे गैस का रिसाव शुरू हुआ और देखते ही देखते भीषण आग लग गई। दमकल की चार गाड़ियों ने गैस सप्लाई बंद कराकर आग पर काबू पाया। 

हादसे की वजह क्या?

कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि हादसे में किसी को चोट नहीं आई और न ही कोई जनहानि हुई। IGL की टीम ने टूटी हुई पाइपलाइन को ठीक किया, जिसके बाद गैस सप्लाई सामान्य हो गई। शुरुआती जांच में खुदाई को ही पाइपलाइन टूटने की वजह बताया गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

वहीं, एक अन्य मामले में हाल ही मेरठ में अविका होटल में भीषण आग लग गई थी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और होटल के अंदर रखा फर्नीचर, सामान व अन्य उपकरण जलकर राख हो गए। इस घटना में दो कारें भी जलकर खाक हो गईं।

(रिपोर्ट- राहुल ठाकुर)

यह भी पढ़ें-

टायर फैक्ट्री में भीषण आग, फ्यूल टैंक में जोरदार धमाका, दो मजदूरों की मौत