1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. टायर फैक्ट्री में भीषण आग, फ्यूल टैंक में जोरदार धमाका, दो मजदूरों की मौत

टायर फैक्ट्री में भीषण आग, फ्यूल टैंक में जोरदार धमाका, दो मजदूरों की मौत

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Sep 21, 2026 09:30 pm IST,  Updated : Sep 21, 2026 09:30 pm IST

कानपुर देहात के गजनेर थाना क्षेत्र के जरिहा गांव स्थित ओउम जेवीआरडी टायर फैक्ट्री में सोमवार शाम भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से फ्यूल टैंक में जोरदार धमाका हुआ, जिससे अफरा-तफरी मच गई। हादसे में फैक्ट्री में काम कर रहे दो मजदूरों की मौत हो गई।

FIRE- India TV Hindi
टायर फैक्ट्री में भीषण आग Image Source : REPORTER INPUT

कानपुर देहात में सोमवार शाम एक टायर फैक्ट्री में लगी आग ने देखते ही देखते गंभीर रूप ले लिया। जरिहा गांव स्थित ओउम जेवीआरडी टायर फैक्ट्री में फ्यूल टैंक आग की चपेट में आया तो कुछ ही देर में उसमें जोरदार धमाका हो गया। धमाके की आवाज से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। हादसे के दौरान फैक्ट्री में मौजूद दो मजदूरों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया गया।

 फैक्ट्री में मौजूद 2 में से एक फ्यूल टैंक में धमाका

बताया जा रहा है कि सोमवार शाम करीब 6 बजे माती फायर स्टेशन को फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली थी। जानकारी मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रतीक श्रीवास्तव के नेतृत्व में 3 दमकल वाहनों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। टीम मौके पर पहुंची तो फैक्ट्री परिसर में बने दो फ्यूल टैंकों में से एक आग की लपटों से घिरा हुआ था। दमकल कर्मी आग बुझाने में जुटे ही थे कि फ्यूल टैंक में तेज धमाका हो गया। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, दमकल कर्मियों ने स्थिति को संभालते हुए दूसरे फ्यूल टैंक को आग की चपेट में आने से बचाने के लिए तत्काल उसकी कूलिंग शुरू कर दी।

दो मजदूरों की मौत से मचा हड़कंप

आग पर काबू पाने के लिए पानी के साथ फोम का इस्तेमाल किया गया। दमकल टीम ने लगातार फोम और पानी की बौछार कर आग को आसपास के हिस्सों में फैलने से रोकने की कोशिश की। दूसरे टैंक को ठंडा करने के साथ-साथ आग के मुख्य स्रोत पर भी लगातार कार्रवाई जारी रखी गई। करीब 30 मिनट तक चले अभियान के बाद आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि, तब तक हादसा दो मजदूरों की जान ले चुका था। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और फैक्ट्री परिसर में स्थिति का जायजा लिया।

फिलहाल आग लगने की असली वजह सामने नहीं आई है। पुलिस और प्रशासन की टीमें हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी हैं। साथ ही फैक्ट्री में मौजूद सुरक्षा व्यवस्था, फ्यूल टैंक और आग लगने के समय की परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है। मृतकों की पहचान समेत हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो पाएगी।

(रिपोर्ट: अनुराग श्रीवास्तव)

यह भी पढ़ें:

स्कूल कैंपस में घुसकर महिला टीचर की गोली मारकर हत्या, खुद को भी उड़ाया, दोनों की मौत

CM योगी ने 912 युवाओं को बांटे नियुक्ति पत्र, कहा- "पहले नौकरियों में भ्रष्टाचार और भैया-भतीजावाद था"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।