नोएडा: दिल्ली से सटे नोएडा के मामूरा गांव में भीषण आग लग गई है। इस आग की वजह से 2 लोगों की मौत हो गई है। सीएम योगी ने घटना को संज्ञान में ले लिया है।
कैसे लगी आग?
मिली जानकारी के मुताबिक, ये आग इलेक्ट्रिक बाइक में स्पार्किंग से लगी है। आग से लोगों को रेस्क्यू किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने दिए अधिकारियों को निर्देश
नोएडा के सेक्टर 66 स्थित इमारत में आग लगने की घटना से संबंधित मामले को सीएम योगी ने संज्ञान में लिया है और अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि तत्काल मौके पर पहुंचें। सीएम ने राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने व घायलों को उचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
सीएम ने कहा कि प्रशासन हर स्तर पर सतर्कता बरते। राहत कार्यों की सतत मॉनिटरिंग हो और घायलों का समुचित उपचार किया जाए।
क्या है पूरा मामला?
मामूरा में G-4 के ग्राउण्ड फ्लोर में इलेक्ट्रिक वाहन की बैटरी चार्ज पर लगे होने की वजह से स्पार्क हुआ और आसपास खड़े पेट्रोल वाहनों द्वारा आग पकड़ ली गई। सूचना पर तत्काल फायर सर्विस यूनिट की 7 फायर टेंडर व हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म, मुख्य शमन अधिकारी तथा स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य प्रारंभ किया।
फिलहाल आग को पूर्ण रूप से बुझा दिया गया है। जिस भवन जी-4 में आग लगी, उसमें लगभग 50 परिवार रहते थे। उन्हें रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान सकुशल बाहर निकाला गया। धुएं से 2 लोगों की हालत बिगड़ गई। उन्हें एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां एक महिला और एक पुरुष की मौत हो गई।
थाना फेस-3 पर मकान मालिक/ लीज धारक के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है एवं आरोपी को हिरासत में लिया गया है। अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
गौरतलब है कि मामूरा गांव एक भीड़भाड़ वाला इलाका है, जहां सैकड़ों परिवार रहते हैं। ऐसे में जब आग लगने की घटना होती है तो एक बड़ा हिस्सा चपेट में आता है। इस घटना में भी आग लगने पर मौके पर हड़कंप मच गया था। फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन हो रहा है और मौके पर अधिकारी तैनात हैं। हालात का मुआयना किया जा रहा है।
हाल ही में नोएडा सेक्टर-119 की सोसाइटी में AC फटने से लगी भीषण आग लग गई थी। इसका खौफनाक Video भी सामने आया था।
ये भी पढ़ें-
नोएडा की निजी कंपनी में लगी भीषण आग, देर रात 8 दमकल की गाड़ियों ने पाया काबू